दिल्ली के सबसे पॉश चांदनी चौक में दिनदहाड़े लाखों की लूट, फिल्मी स्टाइल में दिया वारदात को अंजाम

न्यूज तक

• 03:17 PM • 03 Jun 2025

Delhi Crime News: दिल्ली के चांदनी चौक में दिनदहाड़े एक टेक्सटाइल शोरूम में फिल्मी स्टाइल में हुई 35 लाख की लूट से हड़कंप मच गया. नकाबपोश बदमाशों ने गोली चलाकर वारदात को अंजाम दिया और फरार हो गए.

दिल्ली के चांदनी चौक टेक्सटाइल शोरूम में दिनदहाड़े हुई 35 लाख की फिल्मी स्टाइल लूट की तस्वीर
Representational Image
Google CTA

Delhi Crime News: दिल्ली के चांदनी चौक में सोमवार दोपहर एक टेक्सटाइल शोरूम में फिल्मी अंदाज में लूट की वारदात ने इलाके में दहशत फैला दी. बदमाशों ने फायरिंग कर शोरूम से 35 लाख रुपये लूट लिए और फरार हो गए. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपियों की तलाश कर रही है. इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है और व्यापारी सुरक्षा को लेकर काफी चिंतित नजर आ रहे है.

Read more!

क्या हुआ घटना के दौरान?

सोमवार दोपहर करीब 2 बजे चांदनी चौक के कटरा नील इलाके में व्यापारी विक्की जैन के टेक्सटाइल शोरूम में दो युवक घुसे. उन्होंने पहले शोरूम के कांच के दरवाजे पर गोली चलाकर उसे तोड़ दिया. इसके बाद अंदर घुसकर 35 लाख रुपये लूट लिए और नीचे इंतजार कर रहे अपने तीसरे साथी के साथ भाग निकले. घटना के समय शोरूम मालिक विक्की जैन मौके पर मौजूद थे.

विक्की के भाई ने कही ये बात

पीड़ित के भाई मोनू जैन ने बताया,

"सभी आरोपी नकाब पहने हुए थे. उन्होंने गेट पर गोली चलाई और फिर बंदूक की नोक पर मेरे भाई से लूटपाट की. इसमें तीन आरोपी शामिल थे. वे अपने साथ 35 लाख रुपये की नकदी ले गए."

पुलिस की कार्रवाई शुरू

घटना की सूचना मिलते ही लाहौरी गेट पुलिस स्टेशन में दोपहर ढाई बजे पीसीआर कॉल दर्ज की गई. पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और टूटे कांच व अन्य साक्ष्य देखे. विक्की जैन ने पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी. पुलिस ने लूट का मामला दर्ज कर कई टीमें गठित की हैं. इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि बदमाशों की पहचान हो सके.

इलाके में दहशत का माहौल

इस सनसनीखेज वारदात के बाद चांदनी चौक के व्यापारियों में डर का माहौल है. स्थानीय लोग और दुकानदार सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं. पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा और इस लूटकांड का खुलासा होगा. फिलहाल पुलिस की टीमें लगातार सुराग जुटा रही हैं और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों की तलाश तेज कर दी गई है.

यह खबर भी पढ़ें: जस्टिस यशवंत वर्मा पर गिर सकती है गाज, महाभियोग की तैयारी में सरकार