Delhi Crime: बीजेपी नेता के घर दिनदहाड़े बड़ी चोरी, 15 मिनट में 43 तोला सोना और लाखों का कैश ले उड़ा शातिर चोर

दिल्ली के हरि नगर में एक शातिर चोर ने बीजेपी नेता राजन खन्ना के घर से महज 15 मिनट में 43 तोला सोना, 3 किलो चांदी और लाखों का कैश चोरी कर लिया. वारदात के वक्त परिवार मंदिर गया हुआ था और पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है.

दिल्ली न्यूज
दिल्ली न्यूज

न्यूज तक डेस्क

follow google news

देश की राजधानी में चोरों के हौसले इतने बुलंद हैं कि उन्हें अब दिनदहाड़े वारदातों को अंजाम देने में भी पुलिस का डर नहीं रहा. ताजा मामला पश्चिमी दिल्ली के हरि नगर (वीरेंद्र नगर) इलाके का है, जहां एक शातिर चोर ने बीजेपी नेता और कारोबारी राजन खन्ना के घर को निशाना बनाया. चोर महज 15 मिनट के भीतर घर से करीब 43 तोला सोना, 3 किलो चांदी और साढ़े तीन लाख रुपये कैश लेकर रफूचक्कर हो गया.

Read more!

जब परिवार गया था मंदिर, तब हुआ हाथ साफ

पीड़ित राजन खन्ना, जो बीजेपी के पूर्व जिला प्रवक्ता (करोल बाग) हैं, ने बताया कि घटना 24 मार्च की है. दोपहर करीब 3:22 बजे उनका पूरा परिवार झंडेवालान मंदिर में माता के दर्शन के लिए निकला था. घर खाली पाकर चोर ने इस सुनहरे मौके का फायदा उठाया. सीसीटीवी फुटेज से पता चला कि चोर दोपहर 3:32 बजे घर के अंदर दाखिल हुआ और मात्र 15 मिनट बाद यानी 3:47 बजे चोरी का सारा माल समेटकर बाहर निकल गया.

रेकी कर कटर से काटा गेट

हैरानी की बात यह है कि चोर अकेला था और वारदात से पहले उसने घर की दो-तीन बार रेकी भी की थी. फुटेज में वह मैरून रंग की स्कूटी पर आता हुआ दिखाई दे रहा है. उसने अपनी पहचान छुपाने के लिए सिर पर टोपी और चेहरे पर मास्क लगा रखा था. चोर ने कटर की मदद से लोहे के गेट की कुंडी और ताला काटा और फिर अलमारियों में रखे कीमती गहनों और कैश पर हाथ साफ कर दिया.

क्या-क्या ले गया चोर?

राजन खन्ना के अनुसार, चोरी गए सामान की लिस्ट काफी लंबी है:

  • सोना: लगभग 43 तोला (जिसमें डायमंड और गोल्ड ज्वेलरी शामिल है).
  • चांदी: करीब ढाई से तीन किलो (चांदी के सिक्के और अन्य सामान).
  • कैश: सवा तीन से साढ़े तीन लाख रुपये.

पुलिस जांच में जुटी

घटना की सूचना मिलते ही हरि नगर थाने के एसएचओ और दिल्ली पुलिस की क्राइम टीम मौके पर पहुंची. फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट्स ने भी नमूने इकट्ठा किए हैं. पुलिस इलाके के सीसीटीवी कैमरों को खंगाल रही है ताकि स्कूटी के नंबर और चोर के भागने के रास्ते का पता लगाया जा सके. पुलिस ने परिवार को आश्वासन दिया है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.

ये भी पढ़ें: दिल्ली-गुरुग्राम वालों की लॉटरी! अब मिनटों में तय होगा घंटों का सफर, 38,000 करोड़ के प्रोजेक्ट को मिली मंजूरी

    follow google news