Delhi Free Ration News: अगर आप भी दिल्ली में रहते हैं और राशन कार्ड धारक हैं तो यह खबर आपके बेहद काम की है. केंद्र सरकार ने निर्देश जारी किया था कि अगस्त से अक्टूबर तक यानी पूरे 3 महीने का राशन एक साथ जनता को बांट दिया जाए. हालांकि, धरातल पर हकीकत यह है कि अगस्त का आधा महीना बीत जाने के बाद भी लोगों को अगस्त महीने का ही पूरा राशन नहीं मिल पाया है. ऐसे में सवाल उठ रहा है कि आखिर दिल्ली में राशन सप्लाई की गाड़ी कहां अटकी हुई है.
ADVERTISEMENT
DSCSC और राशन दुकानों की सप्लाई में आई अड़चन
यह पूरा मामला दिल्ली राज्य नागरिक आपूर्ति निगम (DSCSC) और राशन दुकानों की सप्लाई से जुड़ा हुआ है. केंद्र सरकार के सख्त निर्देश थे कि 28 अगस्त तक अगस्त, सितंबर और अक्टूबर तीनों महीनों का राशन एफसीआई (FCI) के गोदामों से उठाकर जनता तक पहुंचा दिया जाए. लेकिन दिल्ली के कई इलाकों में राशन डीलर अभी तक सिर्फ अगस्त महीने का ही कोटा पूरा होने का इंतजार कर रहे हैं.
मजदूरों और ट्रकों की भारी कमी बनी मुख्य वजह
जब राशन वितरण में हो रही देरी को लेकर संबंधित अधिकारियों से पूछा गया, तो उन्होंने इसके पीछे की बड़ी वजह बताई. अधिकारियों का कहना है कि गोदामों में मजदूरों और ट्रकों की भारी कमी है. इस कमी के कारण राशन सही समय पर गोदामों से उठकर दुकानों तक नहीं पहुंच पा रहा है. नतीजा यह हो रहा है कि आम जनता को अपने हक के राशन के लिए दुकानों के बार-बार चक्कर काटने पड़ रहे हैं.
28 अगस्त की डेडलाइन तक काम पूरा होना नामुमकिन
दिल्ली सरकारी राशन डीलर संघ के उपाध्यक्ष मनोज शर्मा ने इस व्यवस्था पर अपनी बात रखी है. उनका कहना है कि कागजों पर तो 3 महीने के एडवांस राशन देने की बातें की जा रही हैं, लेकिन असलियत में राशन दुकानों पर 1 महीने का स्टॉक भी पूरा नहीं पहुंचा है. उन्होंने बताया कि अगर आज से बिना रुके लगातार गाड़ियां चलें, तब भी सिर्फ अगस्त का बचा हुआ कोटा दुकानों तक पहुंचाने में दो दिन का समय लग जाएगा. ऐसे में 28 अगस्त की तय डेडलाइन तक 3 महीने का राशन बांटना लगभग नामुमकिन नजर आ रहा है.
गरीब परिवारों पर पड़ रही सबसे बड़ी मार
सप्लाई में आ रही इस अव्यवस्था का सबसे बड़ा खामियाजा उन गरीब परिवारों को भुगतना पड़ रहा है, जो हर महीने सरकारी राशन के सहारे ही अपना गुजर-बसर करते हैं. एडवांस राशन मिलने की उम्मीद में लोग बार-बार राशन दुकानों पर जा रहे हैं, लेकिन उन्हें खाली हाथ ही वापस लौटना पड़ रहा है.
यह भी पढ़ें: DTC बसों में 16 अगस्त से पिंक टिकट होगा बंद, फ्री सफर के लिए बदल जाएगा नियम, जानिए अब कैसे मिलेगी सुविधा
ADVERTISEMENT


