Delhi Fire News: गोकुलपुरी में पार्किंग की आग ने मचाया तांडव, जान बचाने के लिए मासूम बच्चे के साथ इमारत से कूदीं महिलाएं

दिल्ली के गोकुलपुरी में एक मकान की पार्किंग में आग लगने के बाद धुएं में फंसे एक परिवार ने जान बचाने के लिए पहली मंजिल से छलांग लगा दी. दमकल की 11 गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया और अन्य फंसे हुए सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकाला.

दिल्ली न्यूज
दिल्ली न्यूज

वैशाली

follow google news

उत्तर-पूर्वी दिल्ली के गोकुलपुरी थाना क्षेत्र स्थित चांदबाग इलाके में शनिवार की आधी रात को एक भीषण अग्निकांड ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी. एक चार मंजिला मकान की पार्किंग में लगी आग ने देखते ही देखते पूरी बिल्डिंग को अपनी चपेट में ले लिया. धुएं और आग की लपटों के बीच फंसे एक परिवार के पास जब बचने का कोई रास्ता नहीं बचा, तो तीन महिलाओं ने अपने 2 साल के मासूम बच्चे के साथ पहली मंजिल से नीचे छलांग लगा दी.

Read more!

आधी रात को पार्किंग में भड़की आग

घटना 28 मार्च (शनिवार) की रात करीब 1:30 बजे की है. चांदबाग की गली नंबर 15 में स्थित एक 50 गज के मकान की पार्किंग में खड़ी गाड़ियों में अचानक आग लग गई. आग इतनी तेजी से फैली कि सीढ़ियों को अपनी चपेट में ले लिया और जहरीला धुआं ऊपरी मंजिलों तक जा पहुँचा. घर के अंदर कुल आठ लोग फंसे हुए थे, जिनके लिए नीचे उतरने का रास्ता बंद हो चुका था.

जान बचाने के लिए लगाई मौत की छलांग

दम घुटते देख राशिदा, सोनी और निखत नामक तीन महिलाओं ने एक बेहद साहसी और खतरनाक फैसला लिया. उन्होंने 2 साल के मासूम आसिफ को गोद में लिया और पहली मंजिल से गली में छलांग लगा दी. इस छलांग में चारों को मामूली चोटें आई हैं और उन्हें तुरंत जग प्रवेश चंद्र अस्पताल में भर्ती कराया गया है. राहत की बात यह है कि सभी घायल अब खतरे से बाहर हैं.

दमकल विभाग का जांबाज रेस्क्यू

हादसे की सूचना मिलते ही दमकल की 11 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं. जब तक दमकलकर्मी पहुँचे, चार लोग नीचे कूद चुके थे, लेकिन चार अन्य सदस्य (सुबैद, दाऊद, फराह और आरिफा) अब भी अंदर फंसे थे. दमकलकर्मियों ने जांबाजी दिखाते हुए उन्हें सुरक्षित बाहर निकाला. इस भीषण अग्निकांड में पार्किंग में खड़ी एक बाइक और स्कूटी पूरी तरह जलकर खाक हो गई है.

आग का कारण: EV में शॉर्ट सर्किट की आशंका?

शुरुआती जांच में अंदेशा जताया जा रहा है कि आग इलेक्ट्रिक वाहनों (EV) की चार्जिंग के दौरान शॉर्ट सर्किट की वजह से लगी होगी. हालांकि, पुलिस और दमकल विभाग अभी मामले की बारीकी से जांच कर रहे हैं. इस घटना ने एक बार फिर रिहायशी इलाकों की पार्किंग में इलेक्ट्रिक वाहनों की चार्जिंग और सुरक्षा मानकों पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं.

ये भी पढ़ें:Delhi Viral Video: मेट्रो में पर्स चुराने की कोशिश पड़ गई भारी! पहले जनता ने पीटा, फिर सिक्योरिटी ने पकड़ा

    follow google news