Delhi-Gurugram Metro: दिल्ली से गुरुग्राम अब सिर्फ 25 मिनट में! जानिए 13,500 करोड़ के नए अंडरग्राउंड रूट का पूरा प्लान

वैशाली

• 06:27 PM • 04 Aug 2026

Delhi-Gurugram Metro News: दिल्ली और गुरुग्राम के बीच सफर करने वाले लाखों यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी. 13,500 करोड़ रुपये की लागत से प्रस्तावित 20 किलोमीटर लंबा नया अंडरग्राउंड मेट्रो कॉरिडोर यशोभूमि द्वारका को गुरुग्राम के राजीव चौक से जोड़ेगा. DPR सरकार को भेजी जा चुकी है. जानिए इस नए रूट पर बनने वाले 5 स्टेशन, 25 मिनट का सफर और दिल्ली मेट्रो फेज 5B की पूरी योजना.

Delhi Gurugram Metro
Delhi Gurugram Metro
Google CTA

Delhi-Gurugram New Underground Metro Route: दिल्ली और गुरुग्राम के बीच रोजाना आवाजाही करने वाले और लंबे ट्रैफिक जाम से परेशान यात्रियों के लिए एक बेहद राहत भरी खबर सामने आई है. दिल्ली और गुरुग्राम को आपस में जोड़ने के लिए 13,500 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से 20 किलोमीटर लंबा एक नया अंडरग्राउंड मेट्रो कॉरिडोर प्रस्तावित किया गया है. इस नए प्रोजेक्ट के तैयार होने के बाद यशोभूमि द्वारका से गुरुग्राम के राजीव चौक तक का सफर काफी सुगम और सुचारू हो जाएगा.

Read more!

DPR में संशोधन के बाद सरकार को भेजी गई फाइल

दिल्ली और एनसीआर के लाखों यात्रियों को सार्वजनिक परिवहन की बेहतर सुविधा देने के उद्देश्य से इस परियोजना पर तेजी से काम किया जा रहा है. नए अंडरग्राउंड मेट्रो कॉरिडोर की डिटेल्ड प्रोजेक्ट रिपोर्ट (DPR) में जरूरी संशोधन पूरे करने के बाद इसे अंतिम मंजूरी के लिए सरकार के पास भेज दिया गया है. जैसे ही इस परियोजना को सरकार से हरी झंडी मिलेगी, इस रूट पर निर्माण कार्य तुरंत शुरू कर दिया जाएगा.

मात्र 25 मिनट में पूरा होगा सफर

इस नई मेट्रो लाइन के पूरी तरह से शुरू हो जाने के बाद यशोभूमि द्वारका से लेकर गुरुग्राम के राजीव चौक तक की दूरी केवल 25 मिनट में तय की जा सकेगी. इससे न केवल समय की भारी बचत होगी, बल्कि सड़कों पर गाड़ियों के अत्यधिक दबाव और प्रदूषण में भी कमी आएगी.

20 किलोमीटर लंबे रूट पर बनेंगे 5 नए स्टेशन

पूरे 20 किलोमीटर लंबे इस अंडरग्राउंड कॉरिडोर में कुल 5 नए मेट्रो स्टेशन प्रस्तावित किए गए हैं. इस रूट पर यशोभूमि एक्सटेंशन पॉइंट होगा, जिसके बाद दिल्ली में आने वाले बिजवासन और कापासेड़ा इलाकों में स्टेशन बनाए जाएंगे. इसके आगे गुरुग्राम का सेक्टर 22 और इफको चौक भी इस रूट से जोड़े जाएंगे. वहीं, इस पूरे कॉरिडोर का अंतिम स्टेशन (फाइनल डेस्टिनेशन) गुरुग्राम का राजीव चौक होगा. इन स्टेशनों के निर्माण से दिल्ली और गुरुग्राम के बेहद व्यस्त इलाकों को सीधी कनेक्टिविटी मिल सकेगी.

दिल्ली मेट्रो फेज 5B के तहत होगा निर्माण

यह पूरी परियोजना दिल्ली मेट्रो के फेज 5B के तहत तैयार की जा रही है. इस चरण के दौरान पूरे दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में कुल 7 नए मेट्रो कॉरिडोर विकसित करने की योजना बनाई गई है. फेज 5 के तहत लगभग 57 किलोमीटर लंबा नेटवर्क तैयार किया जाएगा, जिसमें करीब 65 नए मेट्रो स्टेशन शामिल होंगे.

एनसीआर के इन महत्वपूर्ण रूटों पर भी होगा काम

गुरुग्राम कॉरिडोर के अलावा फेज 5 के अंतर्गत कई अन्य व्यस्त और प्रमुख मार्गों पर भी काम प्रस्तावित किया गया है. इसमें ढासा बस स्टैंड से नांगलोई, सेंट्रल सेक्रेटेरियट से किशनगढ़, समयपुर बादली से नरेला, कीर्ति नगर से पालम, और चोर बाग से साउथ दिल्ली का मीठापुर इलाका शामिल है. इसके अलावा शास्त्री पार्क से मयूर विहार फेज 3 और केशवपुरम से रोहिणी सेक्टर 34 कॉरिडोर को भी इस प्रोजेक्ट में शामिल किया गया है. सरकार से मंजूरी मिलते ही इन सभी रूटों पर काम शुरू किया जाएगा, जिससे दिल्ली-एनसीआर में डेली कम्यूट करने वाले लाखों लोगों को ट्रैफिक जाम से बड़ी राहत मिलेगी.

यहां देखें वीडियो

Delhi Metro Phase-4: शुरू हुआ इंद्रलोक-इंद्रप्रस्थ कॉरिडोर का काम, मजेंटा लाइन बनेगी दिल्ली मेट्रो का सबसे लंबा रूट, जानिए हर डिटेल