Delhi IRS Daughter Murder Case: दिल्ली के पॉश इलाके कैलाश हिल्स में हुए IRS अधिकारी की बेटी की हत्या के मुख्य आरोपी राहुल मीणा अब पुलिस गिरफ्त में है. पुलिस ने उसे दिल्ली के द्वारका सेक्टर-9 के एक होटल से दबोचा था. बताया जा रहा है कि राहुल को जिस वक्त पकड़ा उस समय वो राजस्थान भागने की फिराक में था. इस बीच अब हमारे सहयोगी आज तक के रिपोर्टर दिल्ली के उस होटल के कमरे में पहुंचे जहां आरोपी ठहरा हुआ था. ऐसे में चलिए जानते हैं कि उस में रूम में क्या क्या सुराग मिले हैं?
ADVERTISEMENT
ट्रेन छूटी तो होटल को बनाया ठिकाना
पुलिस की जांच में सामने आया है कि वारदात को अंजाम देने के बाद राहुल सुबह करीब 7:30 बजे घटनास्थल से निकला और पालम रेलवे स्टेशन पहुंचा था. राहुल की योजना राजस्थान भागने की थी, लेकिन किस्मत ने उसका साथ नहीं दिया और उसकी ट्रेन छूट गई. इसके बाद वह घबराकर स्टेशन से बाहर आया और एक ऑटो वाले से किसी पास के होटल में ले जाने को कहा. ऑटो ड्राइवर उसे द्वारका सेक्टर-9 स्थित 'होटल कासल मरीडियन' ले गया. यहां राहुल ने कमरा नंबर 201 में चेक-इन किया. उसने अपनी सही पहचान दी और आधार कार्ड की डिटेल्स भी जमा कीं जो बाद में पुलिस के लिए अहम सुबूत बनीं.
होटल रूम से हुई करोड़ों की रिकवरी
दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच और स्थानीय पुलिस की टीम ने लोकेशन ट्रेस करते हुए शाम करीब 6:00 बजे होटल पर छापा मारा. पुलिस जब कमरा नंबर 201 में दाखिल हुई, तो वहां राहुल मीणा मौजूद था. कमरे की तलाशी लेने पर पुलिस की आंखें फटी रह गई. बेड और अलमारी से भारी मात्रा में कैश और चोरी की गई कीमती ज्वेलरी बरामद हुई. यह वही सामान था जो कैलाश हिल्स के घर से लूटा गया था.
किसका इंतजार कर रहा था कातिल?
पुलिस के सूत्रों का दावा है कि राहुल होटल के कमरे में सिर्फ छिपने नहीं आया था, बल्कि वह किसी का इंतजार कर रहा था. अब सवाल यह उठ रहा है कि वह कौन था? क्या इस वारदात में कोई और भी शामिल था या राहुल को किसी को पैसे लौटाने थे? पुलिस का मानना है कि राहुल पर कर्ज का भारी दबाव था, जिसकी वजह से उसने इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया.
आगे की जांच और मोबाइल की तलाश
फिलहाल राहुल मीणा दिल्ली पुलिस की चार दिन की रिमांड पर है. पुलिस उसे राजस्थान के अलवर ले जाने की तैयारी कर रही है ताकि उसका मोबाइल फोन बरामद किया जा सके. मोबाइल फोन से उन लोगों का पता चलेगा जिनसे राहुल ने कर्ज लिया था. साथ ही, पुलिस क्राइम सीन को दोबारा रिक्रिएट करेगी ताकि चार्जशीट में आरोपी के खिलाफ पुख्ता सुबूत पेश किए जा सकें. दिल्ली पुलिस अब उन कड़ियों को जोड़ रही है जो इस हत्या और लूट की साजिश के पीछे छिपी हुई हैं.
ADVERTISEMENT


