Delhi Ladies Special Bus: दिल्ली की महिलाओं और छात्राओं के लिए बड़ी खुशखबरी, जल्द चलेंगी 56 इलेक्ट्रिक स्पेशल बसें

वैशाली

• 04:13 PM • 17 Jul 2026

Delhi Ladies Special Bus: दिल्ली सरकार महिलाओं और छात्राओं के लिए जल्द 56 नई इलेक्ट्रिक स्पेशल बसें शुरू करने जा रही है. इनमें 30 लेडीज स्पेशल बसें और 26 यू-स्पेशल बसें शामिल होंगी, जो ऑफिस और कॉलेज आने-जाने वाली महिलाओं को सुरक्षित, आरामदायक और भीड़ से राहत देने वाला सफर उपलब्ध कराएंगी. जानिए पूरी डिटेल.

Delhi Ladies Special Bus
Delhi Ladies Special Bus
Google CTA

दिल्ली की कामकाजी महिलाओं और कॉलेज जाने वाली छात्राओं के लिए एक बहुत ही शानदार और बड़ी खबर सामने आ रही है. दिल्ली सरकार ने राजधानी में महिला यात्रियों के सफर को अधिक सुरक्षित, आरामदायक और सुविधाजनक बनाने की दिशा में एक बहुत बड़ा कदम उठाया है. डीटीसी (DTC) अब महिलाओं के लिए स्पेशल रूप से 56 इलेक्ट्रिक बस सेवाएं शुरू करने की पूरी तैयारी कर रहा है. परिवहन विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक, इस योजना का मुख्य उद्देश्य सुबह और शाम के पीक आवर्स के दौरान महिलाओं को बसों में होने वाली भारी भीड़भाड़ से राहत देना है.

Read more!

कामकाजी महिलाओं के लिए चलेंगी 30 स्पेशल बसें, यह रहेगा समय

सरकार के इस नए प्लान के तहत इन 56 बसों के बेड़े में से 30 बसें विशेष रूप से 'लेडीज स्पेशल' के तौर पर चलाई जाएंगी. यह बसें दिल्ली के प्रमुख कार्यालय क्षेत्रों, व्यावसायिक इलाकों, संस्थागत केंद्रों और महत्वपूर्ण मेट्रो इंटरचेंज को आपस में जोड़ने का काम करेंगी. कामकाजी महिलाओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए इन बसों के संचालन का समय भी तय कर दिया गया है. यह बसें सुबह 8:45 बजे से 9:00 बजे के बीच और शाम को 4:30 बजे से 5:15 बजे के बीच चलाई जाएंगी, ताकि महिलाओं को अपने ऑफिस आने-जाने में किसी भी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े.

यूनिवर्सिटी की छात्राओं के लिए चलेंगी 26 'यू स्पेशल' बसें

वर्किंग वुमेन के साथ-साथ कॉलेज की छात्राओं का सफर आसान बनाने के लिए भी सरकार ने खास तैयारी की है. इसके लिए 26 यूनिवर्सिटी लेडीज स्पेशल यानी 'यू स्पेशल' (U-Special) बसें भी चलाई जा रही हैं. यह बसें दिल्ली विश्वविद्यालय (DU) के नॉर्थ और साउथ कैंपस समेत अन्य प्रमुख शैक्षणिक संस्थानों को दिल्ली के विभिन्न रिहाइशी इलाकों से सीधे जोड़ेंगी. इन रूटों में मुख्य रूप से नजफगढ़, रोहिणी, जनकपुरी, मुंडका, मयूर विहार, कालकाजी, पल्ला और धौला कुआं जैसे बड़े रिहाइशी इलाके शामिल हैं. इस सेवा के शुरू होने से छात्राओं की यात्रा न सिर्फ सुरक्षित होगी, बल्कि पहले से कहीं ज्यादा आसान भी हो जाएगी.

सुरक्षा के होंगे कड़े इंतजाम, बसों में मिलेंगे यह खास फीचर्स

महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान को सरकार ने सबसे बड़ी प्राथमिकता बताया है, जिसके चलते इस नेटवर्क में शामिल होने वाली सभी बसें शत-प्रतिशत इलेक्ट्रिक होंगी. सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता करने के लिए इन बसों में सीसीटीवी (CCTV) कैमरे और सीधे ऑपरेशन कंट्रोल सेंटर (OCC) से जुड़े पैनिक बटन लगाए गए हैं. इसके साथ ही, जरूरत पड़ने पर बसों में बस मार्शल या महिला पुलिसकर्मी की तैनाती भी की जाएगी. दिव्यांग और बुजुर्ग महिलाओं की सुविधा के लिए इन बसों में लो-फ्लोर रैंप दिए गए हैं.

पिंक स्मार्ट कार्ड से मिलेगा मुफ्त और कैशलेस सफर का फायदा

इन स्पेशल बसों की पहचान को अलग रखने के लिए सरकार द्वारा इनकी एक खास ब्रांडिंग की जाएगी. इसके अलावा, इन बसों को पिंक स्मार्ट कार्ड प्रणाली से जोड़ा जाएगा. इस प्रणाली के जरिए पात्र महिला यात्रियों को कैशलेस और मुफ्त यात्रा की एक बेहतरीन सुविधा मिल सकेगी. अधिकारियों का कहना है कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में सरकार महिलाओं के लिए एक सुरक्षित, समावेशी और भरोसेमंद सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था तैयार करने की दिशा में लगातार काम कर रही है.

यहां देखें वीडियो

DTC Women Special Bus Route: दिल्ली में महिलाओं के लिए दौड़ेंगी 50 स्पेशल बसें, जानिए पूरा रूट प्लान