राजधानी दिल्ली के सत्यनिकेतन इलाके में हाल ही में हुए इमारत हादसे के बाद दिल्ली सरकार और स्थानीय प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में आ गया है. दिल्ली सरकार के आदेशों के बाद नगर निगम (MCD) ने पूरी दिल्ली में जर्जर और खतरनाक इमारतों के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है. इसी कड़ी में एमसीडी की टीम ने सत्यनिकेतन की गली में स्थित तीन प्रमुख इमारतों पर डिमोलिशन की कार्रवाई शुरू कर दी है.
ADVERTISEMENT
प्रॉपर्टी नंबर 74, 75 और 76 पर चस्पा हुआ नोटिस
एमसीडी की टीम ने सत्यनिकेतन इलाके में एक-दूसरे से सटी हुई तीन इमारतों- प्रॉपर्टी नंबर 74, 75 और 76 पर 'डेंजरस कंडीशन' का नोटिस चस्पा किया है. एमसीडी के अनुसार ये तीनों इमारतें बेहद जर्जर स्थिति में हैं और रहने लायक बिल्कुल नहीं हैं. किसी भी बड़े हादसे की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इमारतों को पूरी तरह खाली करा दिया है.
खाली कराए गए PG, छात्रों का सामान निकालने में जुटी पुलिस
इन तीनों इमारतों में छात्र-छात्राओं के लिए पीजी चलाए जा रहे थे. नोटिस जारी होते ही सुरक्षा के लिहाज से पीजी में रह रहे सभी छात्रों को बाहर निकाल दिया गया है. इमारतें चारों तरफ से अन्य मकानों से घिरी हुई हैं, इसलिए एमसीडी का दस्ता बहुत सावधानी से डिमोलिशन की कार्रवाई कर रहा है और सबसे पहले छत के हिस्सों को तोड़ा जा रहा है. मौके पर दिल्ली पुलिस के जवान भी तैनात किए गए हैं जो छात्रों के जरूरी दस्तावेज, किताबें और डिग्रियां सुरक्षित बाहर निकालने में मदद कर रहे हैं.
पूरी दिल्ली में जारी रहेगा जर्जर इमारतों पर सर्वे
दिल्ली सरकार के सख्त निर्देशों के बाद एमसीडी अधिकारी पूरी दिल्ली में ऐसी प्रॉपर्टीज का सर्वे कर रहे हैं जो जर्जर हाल में हैं. प्रशासन का साफ कहना है कि जो इमारतें रिपेयर करने लायक होंगी उन्हें मरम्मत का मौका दिया जाएगा, लेकिन जो बेहद खतरनाक और ढहने की कगार पर होंगी, उन्हें तुरंत गिराया जाएगा ताकि किसी बेगुनाह की जान न जाए.
यह भी पढ़ें: Delhi News: इस इलाके में कभी भी हो सकता है सत्यनिकेतन जैसा हादसा? कहां सो रहे हैं MCD वाले?
ADVERTISEMENT


