दिल्ली मेट्रो में अब पूरी बोगी होगी सिर्फ आपकी! DMRC की इस खास सुविधा में मिलेंगी VIP सुविधाएं, स्कूल बच्चों के लिए बड़ा डिस्काउंट

Delhi Metro: दिल्ली मेट्रो (DMRC) की खास कोच रिजर्वेशन सुविधा के तहत अब यात्री पूरी मेट्रो बोगी को अपने परिवार, टूर ग्रुप या स्कूल बच्चों के लिए बुक कर सकते हैं. जानिए एक कोच बुक करने का खर्च, स्कूलों को मिलने वाला बड़ा डिस्काउंट, VIP सुविधाएं, CISF सुरक्षा, फ्री पार्किंग, बुकिंग प्रक्रिया, कैंसिलेशन नियम और इस अनोखी सर्विस से जुड़ी हर जरूरी जानकारी.

DMRC Coach Booking
DMRC Coach Booking

वैशाली

follow google news

दिल्ली मेट्रो में अगर आप अक्सर सफर करते हैं, तो इसके पीक आवर्स की भारी भीड़ से अच्छी तरह वाकिफ होंगे. मेट्रो में पैर रखने की जगह न होना और सीट के लिए मशक्कत करना एक आम बात है. लेकिन सोचिए, क्या ऐसा हो सकता है कि दिल्ली मेट्रो की पूरी की पूरी बोगी यानी कोच सिर्फ और सिर्फ आपके लिए बुक हो जाए? जी हां, यह बिल्कुल मुमकिन है. दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) एक ऐसी खास पॉलिसी लेकर आया है जिसके तहत आप अपने पूरे ग्रुप या परिवार के लिए पूरी मेट्रो बोगी रिजर्व कर सकते हैं और आरामदायक सफर का आनंद ले सकते हैं. विस्तार से जानिए पूरी बात.

Read more!

किन्हें मिलेगा DMRC की इस खास सर्विस का फायदा?

अक्सर जब लोग अपने परिवार के साथ, स्कूल ट्रिप पर या किसी टूर पर निकलते हैं, तो मेट्रो की भीड़ में सबका अलग-अलग हो जाना या सीट न मिलना एक बड़ी सरदर्दी बन जाता है. इसी परेशानी को दूर करने के लिए डीएमआरसी ने 'कोच रिजर्वेशन पॉलिसी' की शुरुआत की है. इस सर्विस का फायदा मुख्य रूप से टूरिस्ट, टूर ऑपरेटर्स, बड़े परिवार या फिर स्कूल के बच्चे उठा सकते हैं. हालांकि, नियम के मुताबिक अगर स्कूल का ग्रुप बुकिंग कर रहा है, तो उसमें कम से कम 50 बच्चे और दो टीचर्स का होना बेहद जरूरी है.

पूरी बोगी बुक करने में कितनी ढीली करनी होगी जेब?

पूरी मेट्रो बोगी को बुक करने का खर्च इस बात पर निर्भर करता है कि आप कौन सी मेट्रो लाइन और किस दिन सफर कर रहे हैं. सामान्य तौर पर एक कोच की बुकिंग का बेस प्राइस करीब ₹8000 से लेकर ₹18,000 तक आता है. इसके अलावा यात्रियों को करीब ₹23,500 का सुविधा शुल्क (फैसिलिटी चार्ज) और टैक्स अलग से देना पड़ता है. हालांकि, इस मामले में स्कूलों के लिए एक बड़ी राहत दी गई है. अगर स्कूल ग्रुप्स के लिए बुकिंग की जा रही है, तो उनसे किसी भी तरह का सुविधा शुल्क नहीं लिया जाएगा.

मेट्रो में सफर के दौरान मिलेंगी ये VIP सुविधाएं

पूरी बोगी रिजर्व कराने पर आपके ग्रुप को एकदम वीआईपी सुविधाएं दी जाती हैं. जैसे ही आपका ग्रुप मेट्रो स्टेशन पर पहुंचेगा, तो आपके लिए स्पेशल वेलकम अनाउंसमेंट की जा सकती है. इसके साथ ही मेट्रो की तरफ से उपलब्धता के आधार पर फ्री पार्किंग मिलेगी और सुरक्षा के लिए सीआईएसएफ (CISF) की पुख्ता व्यवस्था रहेगी. इतना ही नहीं, ग्रुप को आराम से चढ़ने और उतरने के लिए पूरे 15 सेकेंड का अतिरिक्त समय दिया जाएगा. साथ ही सफर के दौरान पटेल चौक मेट्रो म्यूजियम का गाइडेड टूर भी मिल सकता है.

इन कड़े नियमों का करना होगा पालन

वीआईपी सुविधाओं के साथ ही यात्रियों को कुछ कड़े नियमों को भी ध्यान में रखना होगा. यात्रा के दौरान आप मेट्रो के अंदर किसी भी तरह की फिल्म या गानों की शूटिंग नहीं कर सकते हैं. इसके अलावा, सुरक्षा जांच (सिक्योरिटी चेकिंग) और मेट्रो के बाकी सभी कड़े नियमों का पालन करना अनिवार्य होगा.

जानें बुकिंग और कैंसिलेशन का पूरा प्रोसेस

अगर आप भी इस वीआईपी सफर का लुत्फ उठाना चाहते हैं और बुकिंग करना चाहते हैं, तो आपको अपनी यात्रा से कम से कम 15 दिन पहले आवेदन करना होगा. इसके लिए आप किसी भी नजदीकी मेट्रो स्टेशन या डीएमआरसी (DMRC) के मुख्य कार्यालय से फॉर्म लेकर जमा कर सकते हैं. आवेदन की मंजूरी मिलने के बाद आपको एडवांस पेमेंट करना होगा.

वहीं अगर किसी वजह से आपका प्लान बदल जाता है, तो इसके लिए कैंसिलेशन के नियम भी तय किए गए हैं. यात्रा की तारीख से 7 दिन पहले बुकिंग कैंसिल कराने पर 75% पैसा वापस मिलेगा. यात्रा से 3 दिन पहले कैंसिल कराने पर 50% रिफंड मिलेगा. लेकिन अगर यात्रा में 3 दिन से कम का समय बचा है, तो कोई भी रिफंड नहीं दिया जाएगा.

यहां देखें वीडियो

Delhi Metro News: दिल्ली से हरियाणा और मेरठ जाना होगा और आसान, इन 6 नए रूट्स से बदलेगी पब्लिक ट्रांसपोर्ट की तस्वीर

    follow google news