Delhi Metro Phase 4: दिल्ली मेट्रो के ये 3 नए रूट बचाएंगे आपका समय, 2 घंटे का सफर सिर्फ 30-40 मिनट में होगा पूरा!

दिनेश यादव

• 05:48 PM • 18 Jun 2026

Delhi Metro Phase 4: दिल्ली की ट्रैफिक समस्या से परेशान लाखों लोगों के लिए बड़ी राहत की खबर है. दिल्ली मेट्रो फेज-4 के तहत तीन नए कॉरिडोर तेजी से तैयार किए जा रहे हैं, जिनके शुरू होने के बाद 2 घंटे का सफर सिर्फ 30-40 मिनट में पूरा हो सकेगा. जानिए इससे किन इलाकों को मिलेगा सबसे ज्यादा फायदा और कब तक शुरू हो सकती है ये नई सेवाएं.

Delhi Metro Phase 4
Delhi Metro Phase 4
Google CTA

दिल्ली में रहने वाले लोगों के लिए एक बेहद राहत भरी खबर है. दिल्ली मेट्रो के फेज-4 के तहत तीन नए कॉरिडोर पर इस वक्त काफी जोरों-शोरों से काम चल रहा है. इन तीनों कॉरिडोर के शुरू होने से दिल्लीवासियों का न सिर्फ कीमती समय बचेगा, बल्कि सड़कों पर ट्रैफिक का दबाव भी काफी हद तक कम हो जाएगा. सबसे बड़ी राहत की बात यह है कि जिन रास्तों पर सफर तय करने में लोगों को फिलहाल 2 घंटे का लंबा समय लगता है, वह सफर इन तीनों कॉरिडोर के शुरू होने के बाद महज 30 से 40 मिनट में पूरा हो जाएगा.

Read more!

इस साल के अंत तक शुरू होने की उम्मीद

दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) द्वारा फेज-4 के इन तीन महत्वपूर्ण कॉरिडोरों को इसी साल के आखिरी तक शुरू करने की पूरी-पूरी उम्मीद जताई जा रही है. इन प्रोजेक्ट्स का काम अंतिम चरणों में है और साल के अंत तक इनका निर्माण कार्य पूरी तरह से खत्म होने की संभावना है. जिन तीन कॉरिडोरों का इंतजार दिल्ली की जनता को बेसब्री से है, उनमें जनकपुरी पश्चिम से आरके आश्रम मार्ग वाली मैजेंटा लाइन का एक्सटेंशन, तुगलकाबाद से एरोसिटी तक बनने वाली बिल्कुल नई 'गोल्डन लाइन' और मजलिस पार्क से मौजपुर तक जाने वाला पिंक लाइन का एक्सटेंशन शामिल है.

मैजेंटा लाइन एक्सटेंशन 

फेज-4 का पहला महत्वपूर्ण कॉरिडोर मैजेंटा लाइन का विस्तार है, जो जनकपुरी पश्चिम से शुरू होकर आरके आश्रम मार्ग तक जाएगा. इस पूरे रूट की लंबाई करीब 29 किलोमीटर है. इस नए रूट के शुरू होने से बाहरी दिल्ली और उत्तर-पश्चिमी दिल्ली के प्रमुख इलाकों को जबरदस्त फायदा होने वाला है. यह कॉरिडोर पीरागढ़ी, मंगोलपुरी, वेस्ट एनक्लेव, मधुबन चौक, प्रशांत विहार और हैदरपुर बादली मोड़ को आपस में जोड़ते हुए मजलिस पार्क और आजादपुर के रास्ते सीधे सेंट्रल दिल्ली के आरके आश्रम मार्ग तक पहुंचेगा.

गोल्डन लाइन कॉरिडोर

दिल्ली मेट्रो फेज-4 का दूसरा बड़ा आकर्षण 'गोल्डन लाइन' कॉरिडोर है, जो तुगलकाबाद से एरोसिटी के बीच बनाया जा रहा है. करीब 23 किलोमीटर लंबा यह पूरा रूट दिल्ली मेट्रो के नेटवर्क में एक बिल्कुल नया कॉरिडोर होगा. यह कॉरिडोर सीधे तौर पर दक्षिणी दिल्ली को इंदिरा गांधी इंटरनेशनल (IGI) एयरपोर्ट के एरोसिटी क्षेत्र से जोड़ने का काम करेगा. इस लाइन के शुरू होने से तुगलकाबाद, साकेत का जी-ब्लॉक, खानपुर, छतरपुर और मेहरौली जैसे प्रमुख इलाकों में रहने वाले लाखों लोगों को सीधा फायदा पहुंचेगा और एयरपोर्ट पहुंचना बेहद आसान हो जाएगा.

पिंक लाइन एक्सटेंशन 

तीसरा कॉरिडोर पिंक लाइन का एक्सटेंशन है, जो मजलिस पार्क को मौजपुर से जोड़ेगा. हालांकि यह महज 7 किलोमीटर का एक छोटा सा रूट है, लेकिन दिल्ली मेट्रो के नेटवर्क के लिहाज से यह अत्यंत महत्वपूर्ण हिस्सा माना जा रहा है. दरअसल, यह छोटा सा हिस्सा पिंक लाइन के रिंग रोड लूप को पूरी तरह से कंप्लीट कर देगा. इस लूप के पूरा होते ही उत्तर और उत्तर-पूर्वी दिल्ली के कई बड़े इलाके जैसे बुराड़ी, झरोदा और वजीराबाद सीधे दिल्ली मेट्रो के मुख्य नेटवर्क से जुड़ जाएंगे, जिससे यहां के निवासियों की कनेक्टिविटी काफी मजबूत हो जाएगी.

यहां देखें वीडियो

Delhi Metro Solar Plan: सूरज की रोशनी से दौड़ रही दिल्ली मेट्रो, Phase-4 के लिए DMRC ने बनाया यह मेगा प्लान