नई दिल्ली: दिल्ली मेट्रो, जिसे राजधानी की लाइफलाइन कहा जाता है, इन दिनों अपनी हाई-प्रोफाइल सुरक्षा के बावजूद चोरी और जेबतराशी की घटनाओं को लेकर चर्चा में है. सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक यात्री ने अपनी सूझबूझ से एक शातिर चोर को रंगे हाथ मोबाइल चुराते हुए पकड़ लिया. पकड़े जाने के बाद पीड़ित युवक चोर को पुलिस और अपने 'SHO पिता' का डर दिखाता नजर आया.
ADVERTISEMENT
क्या है पूरा मामला?
सोशल मीडिया हैंडल इंस्टाग्राम पर वायरल हो रहे इस वीडियो में देखा जा सकता है कि दिल्ली मेट्रो के कोच के अंदर अफरातफरी का माहौल है. यात्रियों के चढ़ने और उतरने की भीड़ का फायदा उठाकर एक चोर ने एक युवक की जेब से करीब 55,000 रुपये का महंगा मोबाइल फोन निकाल लिया. हालांकि, पास खड़े एक जागरूक यात्री 'अनुराग' ने इस हरकत को देख लिया और चोर को मौके पर ही दबोच लिया.
मेरे पिता SHO हैं अब डंडे पड़ेंगे
जैसे ही चोर पकड़ा गया और पीड़ित युवक को उसका कीमती फोन वापस मिला, उसका गुस्सा सातवें आसमान पर पहुँच गया. वीडियो में पीड़ित युवक चोर को धमकाते हुए कह रहा है, "रुक अभी बाप को बुलाता हूं, 2 मिनट में आएगा. मेरे बाप SHO हैं, अभी तुम मजाक में ले रहे हो ना... डंडे पड़ेंगे तेरे पे." युवक ने मौके से ही अपने परिजनों को फोन कर घटना की जानकारी दी और कश्मीरी गेट स्टेशन पर पुलिस की मदद मांगी.
गिरोह बनाकर करते हैं शिकार
वीडियो शेयर करने वाले यूजर के मुताबिक, यह चोर अकेला नहीं था. इसके साथ तीन-चार और लोग थे जो भीड़ में जानबूझकर धक्का-मुक्की कर रहे थे ताकि यात्रियों का ध्यान भटकाया जा सके. यह पूरा गिरोह एक रणनीति के तहत काम करता है और कीमती सामान पर हाथ साफ करता है. सतर्कता की वजह से न सिर्फ फोन वापस मिल गया, बल्कि एक आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले करने की तैयारी भी की गई.
सुरक्षा पर उठे सवाल
दिल्ली मेट्रो के कोच के अंदर लाइव चोरी के इस वीडियो ने यात्रियों की सुरक्षा पर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं. लाखों यूजर्स ने इस वीडियो को देखा है और मेट्रो स्टेशनों व कोच के भीतर सुरक्षा बढ़ाने और ऐसे अपराधियों के खिलाफ सख्त एक्शन लेने की मांग की है.
ADVERTISEMENT


