देश की राजधानी दिल्ली में इन दिनों मेट्रो स्टेशनों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में यात्रियों को निशाना बनाने वाले गिरोह काफी सक्रिय हो गए हैं. हाल ही में सोशल मीडिया पर एक ऐसा वीडियो वायरल हो रहा है, जिसने मेट्रो से सफर करने वाले लोगों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. इस वीडियो में एक नाबालिग लड़की मेट्रो स्टेशन के ठीक बाहर एक महिला का पर्स छीनने की कोशिश करती और विरोध करने पर उसके साथ बदतमीजी करती नजर आ रही है.
ADVERTISEMENT
पर्स नोचने का प्रयास और मासूम बच्ची पर हमला
सोशल मीडिया हैंडल 'विट्टी वेव्स' (Witty Waves) द्वारा साझा किए गए इस वीडियो में एक महिला अपनी आपबीती सुना रही है. महिला का आरोप है कि जैसे ही वह मेट्रो स्टेशन से बाहर निकली, एक नाबालिग लड़की ने जबरदस्ती उसका पर्स खींचने की कोशिश की. जब महिला ने हिम्मत दिखाकर अपना पर्स बचाया और विरोध किया, तो उस लड़की ने महिला की छोटी बेटी के साथ बदतमीजी की और उसे नाखूनों से नोचने व मारपीट करने का प्रयास किया. वीडियो में दिख रहा है कि पकड़े जाने के बाद भी लड़की के चेहरे पर कोई शर्मिंदगी नहीं है और वह लगातार बदतमीजी कर रही है.
सोशल मीडिया पर यात्रियों का फूटा गुस्सा
यह वीडियो वायरल होने के बाद तमाम यूजर्स अपने-अपने अनुभव साझा कर रहे हैं. कई यात्रियों ने कमेंट सेक्शन में बताया कि दिल्ली के लगभग हर बड़े मेट्रो स्टेशन के बाहर इस तरह का माहौल आम हो गया है. कुछ लोगों ने डीएमआरसी (DMRC) और दिल्ली पुलिस को टैग करते हुए यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है. एक यूजर ने पीड़ित महिला को सलाह दी कि अगर बच्ची को नाखूनों से खरोच लगी है, तो संक्रमण से बचने के लिए तुरंत ब्लड टेस्ट करवाएं, क्योंकि ये गिरोह अक्सर असुरक्षित परिस्थितियों में रहते हैं.
दिल्ली में चल रहे हैं कई तरह के 'मेट्रो स्कैम्स'
यह कोई पहली घटना नहीं है जब यात्रियों के साथ इस तरह की लूट या उगाही की कोशिश की गई हो. दिल्ली के मेट्रो और रेलवे स्टेशनों के बाहर 'फ्लैग स्कैम' (Flag Scam) भी काफी चर्चा में रहा है. इसमें कुछ लोग जबरदस्ती यात्रियों के कपड़ों पर भारतीय झंडा पिन कर देते हैं और फिर उसके बदले पैसे मांगते हैं. पैसे न देने पर वे ग्रुप बनाकर यात्रियों के साथ बदतमीजी और गाली-गलौज करते हैं.
प्रशासन की चुप्पी पर सवाल
लगातार सामने आ रहे इन वीडियोज के बावजूद अब तक पुलिस या मेट्रो प्रशासन की ओर से इन गिरोहों पर कोई बड़ी कार्रवाई देखने को नहीं मिली है. यात्रियों का कहना है कि स्टेशनों के बाहर तैनात सुरक्षाकर्मी अक्सर इन घटनाओं की अनदेखी कर देते हैं. अब देखना यह होगा कि इस वायरल वीडियो के बाद क्या पुलिस प्रशासन इन इलाकों में गश्त बढ़ाता है या यात्री इसी तरह असुरक्षित महसूस करते रहेंगे.
यहां देखें वीडियो
ADVERTISEMENT


