Delhi Metro Video: दिल्ली मेट्रो में हर रोज लाखों लोग सफर करते हैं, लेकिन महिलाओं की प्राइवेसी और सुरक्षा को लेकर एक बार फिर बड़ा सवाल खड़ा हो गया है. लोकनायक भवन से ग्रीन पार्क की तरफ जा रही दिल्ली मेट्रो का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. इस वीडियो में एक अधेड़ उम्र का शख्स मेट्रो में बैठी दो लड़कियों का चुपके से वीडियो और फोटो बनाता नजर आ रहा है. हालांकि, लड़कियों की सूझबूझ और हिम्मत के चलते आरोपी की यह चालाकी धरी की धरी रह गई.
ADVERTISEMENT
शक होने पर लड़कियों ने पूछा तो करने लगा फोटो डिलीट
घटना के वक्त दो लड़कियां मेट्रो में सफर कर रही थीं. उनके पास ही बैठा एक अधेड़ उम्र का शख्स अपने फोन से चुपके से उनका वीडियो रिकॉर्ड करने लगा. जब लड़कियों को उस पर शक हुआ और उन्होंने सीधे सवाल पूछा, तो शख्स ने पहले तो साफ इंकार कर दिया. खुद को बचाने के लिए उसने तुरंत फोन से वे तस्वीरें और वीडियो डिलीट करना शुरू कर दिया और बेहद सीधा चेहरा बनाकर खुद को बेकसूर साबित करने की कोशिश करने लगा.
'रिसेंटली डिलीटेड' फोल्डर चेक किया तो सामने आ गया सच
लड़कियों ने हिम्मत नहीं हारी और आरोपी की बातों में नहीं आईं. उन्होंने शख्स से फोन लेकर उसके गैलरी का 'रिसेंटली डिलीटेड' फोल्डर चेक किया, तो उसमें उनकी रिकॉर्ड की गई फोटो और वीडियो मौजूद थीं. सच सामने आते ही लड़कियों ने उस शख्स की जमकर क्लास लगाई और पूछा कि बिना किसी की इजाजत के वह ऐसा कैसे कर सकता है. इस पर आरोपी घबरा गया और अजीबोगरीब सफाई देने लगा कि वीडियो उसके फोन पर कहीं और से आया था.
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो, प्रवीण नाम की यूजर ने किया शेयर
इस पूरी घटना का वीडियो Instagram पर प्रवीण नाम की एक यूजर ने शेयर किया, जिसके बाद यह तेजी से सोशल मीडिया के अलग-अलग प्लेटफॉर्म्स पर वायरल हो गया. वीडियो सामने आने के बाद यूजर्स दो खेमों में बंट गए. ज्यादातर लोगों ने लड़कियों की सूझबूझ, हिम्मत और अपने हक के लिए आवाज उठाने की तारीफ की. साथ ही लोगों ने सलाह दी कि ऐसे मामलों में सिर्फ वीडियो बनाने के बजाय तुरंत सीआईएसएफ (CISF) या मेट्रो पुलिस से शिकायत करनी चाहिए.
प्राइवेसी का सीधा उल्लंघन, सुरक्षा कर्मियों को तुरंत दें सूचना
पब्लिक प्लेस में किसी भी व्यक्ति की बिना इजाजत फोटो या वीडियो बनाना उसकी प्राइवेसी का सीधा उल्लंघन है. सोशल मीडिया पर कई यूजर्स ने लिखा कि ऐसी घटनाओं के लिए महिलाओं के कपड़े या व्यवहार जिम्मेदार नहीं होते, बल्कि सोच जिम्मेदार होती है. दिल्ली मेट्रो में अगर किसी यात्री के साथ इस तरह की घटना होती है, तो उसे तुरंत मेट्रो परिसर में मौजूद सीआईएसएफ जवानों, सुरक्षा कर्मियों या हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क करना चाहिए.
ADVERTISEMENT


