आंखों में डाली मिर्ची, फिर किया ईंट-पत्थरों से ताबड़तोड़ वार... मुकुंदपुर में दिल्ली पुलिस टीम पर जानलेवा हमला, 3 जवान घायल

अंशुल सिंह

• 03:40 PM • 24 Aug 2026

Delhi Police News: दिल्ली के मुकुंदपुर में बीट गश्त पर निकले पुलिसकर्मियों पर 4-5 हमलावरों ने जानलेवा हमला कर दिया. कागजात न होने पर बाइक सीज करने से नाराज अपराधियों ने पुलिसकर्मियों की आंखों में लाल मिर्च पाउडर फेंककर डंडों व ईंट-पत्थरों से हमला किया, जिसमें 3 पुलिसकर्मी घायल हो गए.

मुकुंदपुर में दिल्ली पुलिस की टीम पर हमला
मुकुंदपुर में दिल्ली पुलिस की टीम पर हमला
Google CTA

Delhi Police Team Attacked : राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के मुकुंदपुर इलाके से एक बेहद हैरान और चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां कानून-व्यवस्था को ठेंगा दिखाते हुए कुछ अपराधियों ने बीट पर निकले पुलिसकर्मियों की टीम पर जानलेवा हमला कर दिया. हमलावरों ने पुलिसकर्मियों की आंखों में लाल मिर्च पाउडर फेंका और फिर डंडों, ईंटों और पत्थरों से उन पर ताबड़तोड़ वार किए. इस हमले में कम से कम तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए हैं, जिन्हें इलाज के लिए तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया.

Read more!

बाइक सीज करने से नाराज थे हमलावर

घटना की शुरुआत तब हुई जब तीन से चार पुलिसकर्मी मुकुंदपुर इलाके में अपने रूटीन बीट राउंड पर तैनात थे. गश्त के दौरान पुलिस को एक संदिग्ध मोटरसाइकिल दिखाई दी, जिसके कागजात पूरे नहीं थे. नियमों का पालन करते हुए पुलिसकर्मियों ने उस बाइक को सीज कर दिया.

कार्रवाई के बाद जब पुलिसकर्मी दोबारा इलाके में पहुंचे, तभी बाइक सीज किए जाने से बौखलाए 4 से 5 लोगों ने पुलिस टीम को घेर लिया. अपराधियों ने अचानक पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया और उनकी आंखों में लाल मिर्च पाउडर फेंक दिया ताकि वे अपना बचाव न कर सकें. इसके बाद डंडों और ईंट-पत्थरों से पुलिस वालों पर हमला बोल दिया गया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया.

प्रत्यक्षदर्शियों की आंखों देखी

घटनास्थल पर मौजूद स्थानीय लोगों और प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि उन्होंने अचानक शोर और लड़ाई-झगड़े की आवाजें सुनीं. जब वे कमरों से बाहर आए तो देखा कि तीन-चार पुलिसकर्मियों को घेरकर 4 से 5 लोग डंडों और पत्थरों से पीट रहे थे. अफरा-तफरी के माहौल के कारण लोग दूर खड़े होकर इसका वीडियो बनाने लगे.

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हमलावर उसी क्षेत्र के रहने वाले थे और अक्सर इलाके में घूमते नजर आते थे. पुलिस का यह भी कहना है कि हमलावरों का आपराधिक इतिहास भी रहा है.

एफआईआर दर्ज, एक नाबालिग गिरफ्तार

मामले की गंभीरता को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने तुरंत एफआईआर दर्ज कर ली है. कार्रवाई करते हुए पुलिस ने एक नाबालिग को अरेस्ट/डिटेन कर लिया है, जबकि बाकी फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार अलग-अलग ठिकानों पर छापेमारी (रेड्स) की जा रही है.

खाकी पर हुए इस तरह के खुलेआम हमले से स्थानीय जनता के बीच सुरक्षा और पुलिस के इकबाल को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं. पुलिस का कहना है कि बाकी बचे आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

यह भी पढ़ें: दिल्ली में भीषण सड़क हादसा! AAP विधायक अनिल झा और BJP MLA अभय पाटिल समेत 7 घायल, जानें कैसे हुआ हादसा?