दिल्ली-NCR में मौसम का मिजाज एक बार फिर करवट लेने जा रहा है. मौसम विभाग के अनुसार 2 जून को दिल्ली के आसमान में सुबह से ही बादल छाए रहेंगे. दोपहर के बाद में आसमान में बादल पूरी तरह से अपना डेरा जमाएंगे. इसके बाद शाम के समय दिल्ली के अलग अलग इलाकों में गरज-चमक और बिजली कड़कने और हल्की से हल्की बारिश होने का अनुमान है. इस दौरान धूल भरी आंधी और तेज हवाएं चलेंगी, जिनकी रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है. वहीं हवा के झोंकों की अधिकतम रफ्तार 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक जाने की संभावना है.
ADVERTISEMENT
दिल्ली में 2 जून को इन जिलों में होगी बारिश
मौसम विभाग ने 2 जून को दिल्ली के सभी जिलों में दोपहर या शाम के समय गरज-चमक के साथ आंधी-तूफान और हल्की बारिश की संभावना जताई है. इनमें उत्तरी दिल्ली, उत्तर-पूर्वी दिल्ली, उत्तर-पश्चिम दिल्ली, पश्चिमी दिल्ली, मध्य दिल्ली, पूर्वी दिल्ली, शाहदरा, नई दिल्ली, दक्षिण-पश्चिम दिल्ली, दक्षिण-पूर्वी दिल्ली और दक्षिणी दिल्ली समेत सभी जिले शामिल हैं. वहीं अगर बात गर्मी की स्थिति बात करे तो चक्रवाती परिसंचरण और पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के चलते दिल्लीवासियों को भीषण लू से फिलहाल राहत मिली हुई है.
हालांकि, आने वाले दिनों में पारे में धीरे-धीरे बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी. मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 2 जून को दिल्ली में अधिकतम तापमान 36 से 38 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है. वहीं रात और सुबह के समय न्यूनतम तापमान 25 से 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया जा सकता है. मौसम विभाग का कहना है कि भले ही तापमान नियंत्रण में है लेकिन हवा में मौजूद नमी के कारण दोपहर के समय हल्की उमस का सामना करना पड़ सकता है.
आने वाले दिनों दिल्ली के मौसम का हाल
मौसम विभाग के बुलेटिन के मुताबिक, आने वाले दिनों में भी दिल्ली-NCR के जिलों में प्री-मानसून गतिविधियां जारी रहेंगी. आगामी 3 जून को उत्तर-पश्चिमी भारत में एक नया पश्चिमी विक्षोभ दस्तक दे रहा है. इसके प्रभाव से 3 जून से लेकर 5 जून तक नई दिल्ली, उत्तरी दिल्ली, पश्चिमी दिल्ली, दक्षिण-पश्चिम दिल्ली और गाजियाबाद-नोएडा सहित सभी जिलों में दोपहर या शाम के समय गरज-चमक के साथ हल्की बारिश और 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज सतही हवाएं चलने का सिलसिला बना रहेगा. इस दौरान 6 जून तक अधिकतम तापमान 37 से 39 डिग्री सेल्सियस के आसपास ही बना रहेगा. इसके बाद 7 जून से आसमान मुख्यतः साफ होने लगेगा और तापमान में दोबारा बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है.
यह भी पढ़ें:नीट पेपर लीक की जड़ तक पहुंचने के बजाय केंद्र सरकार अनपढ़ों जैसी बात कर रही है- केजरीवाल
ADVERTISEMENT


