Delhi Rain Alert: राजधानी दिल्ली और आसपास के इलाकों में फिलहाल लोगों को गर्मी से राहत मिली हुई है. हालांकि, दिल्ली-NCR के कुछ हिस्सों में बीच-बीच में बारिश हो रही है और आसमान में बादल भी छाए हुए हैं. अब मौसम विभाग ने अपना ताजा दैनिक बुलेटिन जारी किया है. इसके मुताबिक, दिल्ली-NCR में अगले कुछ दिनों तक बादलों की आवाजाही और बारिश का दौर जारी रह सकता है. आइए जानते हैं कि 17 अगस्त से 22 अगस्त तक दिल्ली-NCR का मौसम कैसा रहेगा और आने वाले दिनों के लिए IMD ने क्या पूर्वानुमान जारी किया है.
ADVERTISEMENT
दिल्ली में 17 अगस्त को कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग के बुलेटिन के अनुसार, 17 अगस्त को दिल्ली के ज्यादातर इलाकों में आमतौर पर आसमान में बादल छाए रहेंगे. दिन की शुरुआत से लेकर दोपहर के बीच एक से दो बार बहुत हल्की बारिश या बूंदाबांदी देखने को मिल सकती है. इसके बाद शाम से लेकर रात के दौरान भी दिल्ली के अलग-अलग हिस्सों में बहुत हल्की वर्षा होने की प्रबल संभावना जताई गई है. हवाओं का रुख मुख्य रूप से पश्चिमी और दक्षिण-पश्चिमी दिशा में रहेगा, जिसकी गति 10 से 20 किलोमीटर प्रति घंटे के आसपास रहने की उम्मीद है.
आने वाले दिनों में दिल्ली के मौसम का हाल
अगर आने वाले दिनों के मौसम पर नजर डालें तो दिल्ली-एनसीआर के लोगों को बारिश से और राहत व ठंडक मिलने की उम्मीद है. 18 अगस्त को दिल्ली के सभी जिलों (उत्तर, दक्षिण, पूर्व, पश्चिम, नई दिल्ली आदि) में हल्की बारिश का सिलसिला जारी रहेगा. इसके बाद 19 और 20 अगस्त को मानसून की गतिविधियों में तेजी आएगी, जिसके तहत सुबह से दोपहर के बीच कई जगहों पर हल्की बारिश की बौछारों के साथ-साथ कुछ स्थानों पर मध्यम दर्जे की बारिश हो सकती है. इन दिनों में अधिकतम तापमान गिरकर 32°C से 34°C तक आ जाएगा, जिससे लोगों को उमस और गर्मी से काफी हद तक राहत मिलेगी. वहीं 21 और 22 अगस्त को भी हल्की बारिश और बादलों की मौजूदगी बनी रहेगी.
ADVERTISEMENT


