Delhi Weather Alert: कुछ दिनों की राहत के बाद अब दिल्ली-NCR में गर्मी ने फिर से अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं. मौसम विभाग के ताजा अपडेट के मुताबिक, राहत भरे दिन अब खत्म हो चुके हैं और राजधानी में एक बार फिर तेज धूप और उमस लोगों की परेशानी बढ़ाने वाली है. आने वाले दिनों में तापमान में लगातार बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है, जिससे दिन के समय लोगों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ेगा.
ADVERTISEMENT
बीते कुछ दिनों में तापमान में जो हल्की गिरावट दर्ज की गई थी, वह अब पूरी तरह खत्म हो चुकी है. मौसम विभाग का कहना है कि आज दिल्ली और आसपास के इलाकों में आसमान साफ रहेगा और तेज धूप निकलेगी. इसके साथ ही गर्म हवाएं और उमस लोगों को बेहाल कर सकती हैं. राजधानी में एक बार फिर भीषण गर्मी की वापसी हो चुकी है. आइए जानते हैं आज दिल्ली-NCR के मौसम का पूरा हाल.
दिल्ली में 18 मई को कैसा रहेगा मौसम?
प्रादेशिक मौसम विज्ञान केंद्र, नई दिल्ली द्वारा जारी बुलेटिन के अनुसार, आज यानी 18 मई को दिल्ली और इसके आसपास के इलाकों में आसमान मुख्यतः साफ रहेगा. पिछले कुछ दिनों की तुलना में आज धूप बेहद तेज होगी और बारिश की कोई भी संभावना नहीं जताई गई है. हालांकि, गर्मी के बीच राहत की बात सिर्फ इतनी है कि दिन के दौरान सतह पर लगातार 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलती रहेंगी, जो कभी-कभी झोंकों के रूप में 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार तक भी पहुंच सकती हैं. ये तेज हवाएं धूप की तपिश को थोड़ा सहनीय बनाने का प्रयास करेंगी, लेकिन आसमान पूरी तरह साफ होने की वजह से सीधे पड़ने वाली किरणें लोगों को झुलसाने के लिए काफी होंगी.
यहां देखें अलर्ट वाले जिलों के नाम
मौसम विभाग ने 18 मई के लिए उत्तरी दिल्ली, उत्तर-पूर्वी दिल्ली, उत्तर-पश्चिम दिल्ली, पश्चिमी दिल्ली, मध्य दिल्ली, पूर्वी दिल्ली, नई दिल्ली, दक्षिण-पश्चिम दिल्ली, दक्षिण-पूर्वी दिल्ली और शाहदरा जिले में आसमान साफ रहने के साथ ही तेज सतही हवाएं चलने का पूर्वानुमान है. इसके साथ ही दिल्ली से सटे NCR के इलाकों जैसे गुरुग्राम, फरीदाबाद, नोएडा और गाजियाबाद में भी मौसम का यही हाल रहेगा.
दिल्ल में तापमान का पूर्वानुमान
अगर तापमान की बात करें तो दिल्ली में अब गर्मी का असर बहुत तेजी से बढ़ने लगा है. मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक 18 मई को दिल्ली का अधिकतम तापमान 43 से 45 डिग्री सेल्सियस के बीच पहुंच सकता है. वहीं न्यूनतम तापमान भी 25 से 27 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की उम्मीद है. पिछले 24 घंटों की बात करें तो सफदरजंग मौसम केंद्र पर अधिकतम तापमान 41.9 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था.
आने वाले दिनों दिल्ली के मौसम का हाल
दिल्ली वालों के लिए आने वाले दिन और भी ज्यादा चुनौतीपूर्ण होने वाले हैं क्योंकि मौसम विभाग ने भीषण लू (हीट वेव) की आहट दे दी है . पूर्वानुमान के मुताबिक, कल यानी 19 मई और उसके अगले दिन 20 मई को दिल्ली के कई हिस्सों में हीट वेव चलने की पूरी संभावना है . इस दौरान तापमान 43 से 45 डिग्री सेल्सियस के स्तर पर बना रहेगा और न्यूनतम तापमान भी बढ़कर 27 से 29 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, इससे रातें भी गर्म होने लगेंगी . इसके बाद 21, 22 और 23 मई को भी अधिकतम तापमान 42 से 44 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है. कुल मिलाकर, आने वाले पूरे हफ्ते दिल्ली-NCR को इस भीषण गर्मी से कोई राहत मिलती नहीं दिख रही है.
ADVERTISEMENT


