दिल्ली में 43°C तक पहुंचेगा पारा... फिर अचानक इस दिन शुरू होगा बारिश और आंधी का दौर, IMD ने बताई तारीख

Delhi Weather Today: दिल्ली-NCR में उमस और चिलचिलाती गर्मी से लोग परेशान हैं. मौसम विभाग के अनुसार 8 से 10 जून तक तापमान 43 से 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है. हालांकि 11 जून से पश्चिमी विक्षोभ के असर से बादल, तेज हवाएं और हल्की बारिश गर्मी से राहत दे सकती है.

Delhi Weather Update
Delhi Weather Update

न्यूज तक डेस्क

follow google news

Delhi Weather Update: दिल्ली-NCR में उमस भरी गर्मी से लाेग बेहाल हैं.  ऐसे में अब हर किसी की नजरें मौसम विभाग के अपडेट पर टिकी हैं कि कब आसमान से राहत की बूंदें बरसेंगी. मौसम विभाग के ताजा बुलेटिन के अनुसार, उत्तर प्रदेश और हरियाणा के आसपास साइक्लोनिक सर्कुलेशन एक्टिव है. इसके कारण आने वाले दिनों में मौसम का मिजाज बदलने वाला है. मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 8 जून को दिल्ली और आसपास के इलाकों में सुबह से ही धूप देखने को मिलेगी. इस दौरान आसमान साफ रहेगा. हालांकि शाम होते-होते  आसमान में बादलों का डेरा देखने को मिलेगा.

Read more!

राहत की बात ये है कि 8 जून को दिल्ली के किसी भी हिस्से के लिए मौसम विभाग ने कोई अलर्ट जारी नहीं किया है. मौसम विभाग के अनुसार, उत्तरी दिल्ली, उत्तर-पूर्वी दिल्ली, उत्तर-पश्चिम दिल्ली, पश्चिमी दिल्ली, दक्षिणी दिल्ली, दक्षिण-पश्चिम दिल्ली, दक्षिण-पूर्वी दिल्ली, नई दिल्ली, मध्य दिल्ली और शाहदरा समेत सभी जिलों में मौसम सामान्य रहने का अनुमान है. दिल्ली से सटे NCR के इलाकों जैसे गुरुग्राम, फरीदाबाद, नोएडा और गाजियाबाद में भी 8 जून के लिए कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है.

दिल्ली में 8 जून को गर्मी की स्थिति और तापमान का पूर्वानुमान

दिल्ली में 8 जून को गर्मी अपने पूरे शबाब पर रहेगी और तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी. मौसम विभाग के अनुसार, इस दिन दिल्ली का अधिकतम तापमान 41 से 43 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है. वहीं, रात के समय न्यूनतम तापमान 27 से 29 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया जा सकता है. सफदरजंग, लोदी रोड, रिज और पालम जैसे प्रमुख केंद्रों पर दिन के वक्त तेज गर्मी और तपिश का अहसास होगा.

आने वाले दिनों दिल्ली के मौसम का हाल

मौसम विभाग की चेतावनी के अनुसार, 9 और 10 जून को भी दिल्ली और एनसीआर में अधिकतम तापमान 42 से 44 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है. इस दौरान 20 से 30 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज सतही हवाएं चलेंगी. असली बदलाव 11 जून से देखने को मिलेगा, जब एक नया पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव होगा. इसके प्रभाव से 11 और 12 जून को दिल्ली के सभी जिलों (उत्तरी, पश्चिमी, नई दिल्ली, शाहदरा आदि) और एनसीआर (नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम, फरीदाबाद) में बादल छाए रहेंगे. इस दौरान 40 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं और गरज-चमक के साथ बहुत हल्की से हल्की बारिश होने की संभावना है.

यह भी पढ़ें: LPG Price Hike: तीन महीने में दूसरी बार बढ़ी रसोई गैस की कीमत, ₹29 महंगा हुआ घरेलू LPG सिलेंडर

    follow google news