Delhi NCR Weather Update: दिल्ली-NCR में मानसून पूरी तरह मेहरबान नजर आ रहा है. शुक्रवार सुबह से राजधानी और आसपास के कई इलाकों में झमाझम बारिश हो रही है. लगातार बारिश के कारण कई जगहों पर जलभराव और लंबा ट्रैफिक जाम देखने को मिला. वहीं हाईवे पर वाहन रेंगते नजर आए. इस बीच भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने ताजा मौसम बुलेटिन जारी कर बारिश को लेकर नया अपडेट दिया है.
ADVERTISEMENT
दिल्ली-NCR में क्यों हो रही है लगातार बारिश
मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम उत्तर प्रदेश के ऊपर बने कम दबाव के क्षेत्र, मानसून ट्रफ और पश्चिमी विक्षोभ के संयुक्त प्रभाव से दिल्ली-NCR में मानसूनी गतिविधियां मजबूत बनी हुई हैं. 8 अगस्त को दिनभर आमतौर पर आसमान में बादल छाए रहेंगे. सुबह से दोपहर के बीच कई स्थानों पर बहुत हल्की से हल्की बारिश और कुछ जगहों पर मध्यम बारिश हो सकती है. वहीं शाम और रात के समय भी कई इलाकों में बूंदाबांदी या हल्की बारिश की संभावना है.
दिल्ली समेत पूरे NCR में येलो अलर्ट
मौसम विभाग ने 8 अगस्त के लिए दिल्ली के सभी जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है. इसमें उत्तरी दिल्ली, उत्तर-पूर्वी दिल्ली, उत्तर-पश्चिमी दिल्ली, पश्चिमी दिल्ली, दक्षिणी दिल्ली, दक्षिण-पश्चिम दिल्ली, दक्षिण-पूर्वी दिल्ली, नई दिल्ली, मध्य दिल्ली, पूर्वी दिल्ली और शाहदरा शामिल है. इसके अलावा नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम और फरीदाबाद के लिए भी यही अलर्ट लागू रहेगा.
IMD की चेतावनी, जलभराव और ट्रैफिक जाम से रहें सतर्क
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि लगातार बारिश के कारण कई सड़कों पर जलभराव हो सकता है. निचले इलाकों में पानी भरने और ट्रैफिक व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका है. इससे सड़क दुर्घटनाओं का जोखिम भी बढ़ सकता है. लोगों को सलाह दी गई है कि यात्रा पर निकलने से पहले ट्रैफिक अपडेट जरूर देखें और जलभराव वाले रास्तों से बचें.
9 से 13 अगस्त तक कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग के अनुसार, 9 से 13 अगस्त के बीच दिल्ली-NCR में बारिश की तीव्रता कुछ कम हो सकती है. 9 अगस्त को अधिकतम तापमान 33 से 35 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है. इस दौरान सुबह और शाम के समय हल्की बारिश हो सकती है. वहीं 10 से 13 अगस्त के बीच आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और दोपहर या शाम के समय कहीं-कहीं बहुत हल्की बारिश या बूंदाबांदी होने की संभावना है.
ADVERTISEMENT


