दिल्ली में कब मिलेगी गर्मी से राहत? मौसम विभाग ने जारी कर दिया बड़ा अपडेट, इस दिन हो सकती है बारिश

Delhi NCR Weather Update: दिल्ली-NCR के लोगों को भीषण गर्मी और उमस से जल्द राहत मिल सकती है. मौसम विभाग ने 28 जून से मौसम बदलने के संकेत दिए हैं. तेज हवाओं, गरज-चमक और हल्की बारिश की संभावना जताई गई है, जबकि 1 जुलाई से तापमान में 4 से 5 डिग्री तक गिरावट आने का अनुमान है.

Delhi Weather Today
Delhi Weather Today

न्यूज तक डेस्क

follow google news

Delhi Weather Today: दिल्ली-NCR के लोग पिछले कुछ दिनों से गर्मी और उमस की दोहरी मार झेल रहे हैं. ऐसे में हर किसी की नजरें आसमान की ओर टिकी हैं कि कब बादल बरसेंगे और इस तपिश से कब निजात मिलेगी. इस बीच मौसम विभाग ने नया अपडेट जारी किया है. इसके अनुसार दिल्ली में अगले तीन दिनों तक तापमान में कोई बड़ा बदलाव देखने को नहीं मिलेगा यानी गर्मी की स्थिति अभी वैसी ही बनी रहेगी. हालांकि, मौसम विभाग ने एक बड़ी राहत की खबर भी दी है कि 28 जून को दिल्ली के आसमान में बादल छाए रहेंगे और दोपहर या शाम के समय गर्जन वाले बादल छा सकमे हैं. इसके साथ ही दिन के समय 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज सतही हवाएं चलने की संभावना है. IMD के अनुसार, हवा के ये झोंकों 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती हैं, इससे उमस से थोड़ी राहत मिलने की उम्मीद है.

Read more!

दिल्ली में 28 जून को अलर्ट वाले जिलों के नाम

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 28 जून को दिल्ली के लगभग सभी हिस्सों में मौसम का मिजाज एक जैसा रहने वाला है. नई दिल्ली, सफदरजंग, पालम, लोधी रोड, रिज, आयनगर, उत्तरी दिल्ली, उत्तर पूर्वी दिल्ली, नजफगढ़, पूसा और मयूर विहार सहित पूरे दिल्ली-NCR के सभी जिलों में दोपहर या शाम के समय गरज-चमक के साथ बादल विकसित होने की चेतावनी दी गई है. इस दौरान अधिकतम तापमान 39 से 41 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 से 30 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है. मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि भले ही भारी बारिश न हो, लेकिन तेज धूल भरी हवाएं और अचानक बादलों की गर्जना लोगों की मुश्किल बढ़ा सकती है.

देश में मानसून की ताजा स्थिति

अगर देश भर में मानसून की रफ्तार की बात करें तो अगले 3 से 4 दिनों में दक्षिण-पश्चिम मानसून के तेजी से आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां पूरी तरह से अनुकूल बन चुकी हैं. मानसून अब उत्तर अरब सागर, गुजरात, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड और बिहार के बचे हुए हिस्सों में दस्तक देने के लिए तैयार है. इसके साथ ही सबसे बड़ी खुशखबरी यह है कि उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के कुछ और इलाकों में भी मानसून के आगे बढ़ने के लिए हालात बेहद अनुकूल हैं. राजस्थान से ओडिशा तक समुद्र तल पर एक मौसमी ट्रफ़ लाइन बनी हुई है, जो पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और बिहार से होकर गुजर रही है. ये आने वाले दिनों में उत्तर भारत में अच्छी बारिश का संकेत दे रही है.

आने वाले दिनों में दिल्ली के मौसम का हाल

दिल्ली के लोगों को असली राहत जून के आखिरी दिन और जुलाई की शुरुआत से मिलने जा रही है. मौसम विभाग के मुताबिक, 29 जून को भी आंशिक बादल छाए रहेंगे और हल्की बारिश या गरज-चमक की संभावना है. लेकिन 30 जून से मौसम पूरी तरह करवट ले लेगा. 30 जून को दिल्ली के सफदरजंग, पालम और लोधी रोड समेत सभी जिलों में 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलेंगी जो 60 किलोमीटर तक जा सकती हैं. इसके बाद 1 जुलाई और 2 जुलाई को आमतौर पर आसमान में घने बादल छाए रहेंगे और तापमान में 4 से 5 डिग्री सेल्सियस की बड़ी गिरावट दर्ज की जाएगी. 1 जुलाई को अधिकतम तापमान गिरकर 35 से 37 डिग्री और 2 जुलाई तक यह 34 से 36 डिग्री सेल्सियस तक आ जाएगा, जिससे दिल्ली-NCR के निवासियों को भीषण गर्मी से पूरी तरह निजात मिल जाएगी.

यह भी पढ़ें: Delhi NCR Traffic: दिल्ली के 20 प्रमुख टोल प्लाजा होंगे बैरियर मुक्त, नियम तोड़ा तो गाड़ी होगी जब्त और देना होगा भारी जुर्माना

    follow google news