दिल्ली-NCR में बीते कई दिनों से उमस और चिलचिलाती गर्मी झेल रहे राजधानी वासियों के लिए राहत भरी खबर है. मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली में मानसूनी हवाएं तेजी से आगे बढ़ रही हैं, जिससे मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है. पिछले 24 घंटों में अधिकतम तापमान में आई भारी गिरावट ने मौसम को सुहावना बना दिया है. वहीं आने वाले दिनों में रुक-रुक कर होने का अनुमान है. इस बीच मौसम विभाग ने ताजा बुलेटिन जारी किया है. इसके अनुसार 2 जुलाई को दिल्ली के सभी इलाकों में येलो अलर्ट जारी किया गया है.
ADVERTISEMENT
दिल्ली में 2 जुलाई को कैसा रहेगा मौसम?
माैसम विभाग के अनुसार 2 जुलाई को दिल्ली में घने बादल छाए रहने का अनुमान है. विभाग ने मुताबिक यहां के कई इलाकों में सुबह के समय हल्की बारिश और कुछ स्थानों पर मध्यम स्तर की बारिश होने की संभावना है. इसके साथ ही आंधी-तूफान चलने और बिजली कड़कने के आसार भी जताए गए हैं. राहत की बात यह है कि शाम के समय एक बार फिर मौसम करवट ले सकता है, जिससे बहुत हल्की से हल्की बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं का एक और नया दौर देखने को मिल सकता है.
दिल्ली में 2 जुलाई को अलर्ट वाले जिलों के नाम
वहीं मौसम विभाग ने 2 जुलाई को दिल्ली के सभी जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है. इनमें उत्तरी दिल्ली, उत्तर-पूर्वी दिल्ली, उत्तर-पश्चिम दिल्ली, पश्चिमी दिल्ली, दक्षिणी दिल्ली, दक्षिण-पश्चिम दिल्ली, दक्षिण-पूर्वी दिल्ली, नई दिल्ली, मध्य दिल्ली, पूर्वी दिल्ली और शाहदरा शामिल है. इसके साथ ही NCR के क्षेत्रों जैसे गुरुग्राम, फरीदाबाद, नोएडा और गाजियाबाद में भी यही चेतावनी लागू रहेगी. इन सभी क्षेत्रों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जो बढ़कर 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती हैं.
दिल्ली में क्या है मानसून की स्थिति
मौसम विभाग की बुलेटिन के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम मानसून देश के कई हिस्सों में तेजी से आगे बढ़ चुका है. 1 जुलाई को मानसून की उत्तरी सीमा बदायूं, मेरठ, करनाल और गुरदासपुर जैसी जगहों से होकर गुजर रही है. राहत की बात यह है कि अगले दो दिनों के भीतर मानसून के दिल्ली, हरियाणा-चंडीगढ़, पंजाब और उत्तर प्रदेश के बचे हुए हिस्सों में पूरी तरह आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां बिल्कुल अनुकूल बनी हुई हैं.
आने वाले दिनों में दिल्ली के मौसम का हाल
आने वाले पूरे सप्ताह दिल्ली-NCR में मानसून का असर साफ तौर पर दिखाई देगा. 3 जुलाई को आमतौर पर आसमान में बादल छाए रहेंगे और सुबह व पूर्वाह्न के समय बहुत हल्की या हल्की बारिश के साथ-साथ 30−40 किमी/घंटा की गति से तेज हवाएं चलने का अनुमान है. इसके बाद 4 जुलाई से लेकर 7 जुलाई के दौरान भी राजधानी के सभी जिलों (जैसे नई दिल्ली, दक्षिणी दिल्ली, शाहदरा आदि) में सामान्य रूप से बादल छाए रहेंगे और सुबह के वक्त गरज-चमक के साथ बहुत हल्की से हल्की बारिश का सिलसिला जारी रहेगा. इस दौरान अधिकतम तापमान 33−36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22−25 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना रहेगा, जिससे आगामी सात दिनों तक दिल्ली वासियों को उमस वाली गर्मी से राहत मिलती रहेगी.
यहां भी पढ़ें: मकान मालिकों की मनमानी पर दिल्ली हाईकोर्ट का बड़ा फैसला, मामूली टूट-फूट के नाम पर सिक्योरिटी डिपॉजिट से नहीं काट सकते पैसे !
ADVERTISEMENT


