दिल्ली में सोलर प्लांट लगवाने पर मिलेगी 1.56 लाख रुपये तक की सब्सिडी, जानें आवेदन का तरीका

वैशाली

• 02:42 PM • 09 Nov 2026

Delhi PM Surya Ghar Yojana: दिल्ली में महंगे बिजली बिलों से परेशान लोगों के लिए सोलर प्लांट लगवाना फायदेमंद हो सकता है. पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत केंद्र और दिल्ली सरकार मिलकर 1.56 लाख रुपये तक की सब्सिडी दे रही हैं. जानिए कितनी क्षमता के सोलर प्लांट पर कितना फायदा मिलेगा और आवेदन का पूरा तरीका क्या है.

दिल्ली सरकार दे रही सोलर प्लांट पर अतिरिक्त सब्सिडी
दिल्ली सरकार दे रही सोलर प्लांट पर अतिरिक्त सब्सिडी
Google CTA

Delhi PM Surya Ghar Yojana: राजधानी दिल्ली में हर महीने आने वाले भारी-भरकम बिजली बिलों से परेशान आम जनता के लिए राहत भरी खबर सामने आई है. केंद्र और दिल्ली सरकार के संयुक्त प्रयासों से 'पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना' के तहत दिल्लीवासियों को अपनी छत पर सोलर प्लांट लगवाने के लिए बड़ा वित्तीय लाभ मिलने जा रहा है. मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता द्वारा पेश की गई दिल्ली की नई सोलर नीति के अंतर्गत सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए नई सब्सिडी दरें तय की गई हैं, ताकि हर परिवार को महंगे बिजली बिलों से स्थाई मुक्ति मिल सके.

Read more!

सोलर प्लांट पर 1.56 लाख तक की सब्सिडी

भारत मंडपम में आयोजित 'भारत रिन्यूएबल एनर्जी समिट' के दौरान पेश की गई सोलर नीति के तहत उपभोक्ताओं को मिलने वाली सब्सिडी और अनुमानित बिजली उत्पादन का नया ब्यौरा इस प्रकार है:

  • 1 kW क्षमता: लगभग 120 यूनिट प्रति माह के अनुमानित उत्पादन के साथ सरकार की ओर से ₹30,000 की सब्सिडी मिलेगी.
  • 2 kW क्षमता: लगभग 240 यूनिट प्रति माह के अनुमानित उत्पादन के साथ ₹60,000 की सब्सिडी प्रदान की जाएगी.
  • 3 kW+ क्षमता: लगभग 360+ यूनिट प्रति माह के अनुमानित उत्पादन के साथ अधिकतम ₹78,000 की बंपर सब्सिडी का प्रावधान किया गया है.

दिल्ली सरकार अतिरिक्त सब्सिडी देकर पात्र उपभोक्ताओं (औसतन 400 यूनिट तक मासिक बिजली खपत वाले) को 3 kW तक का सोलर सिस्टम पूरी तरह मुफ्त (जीरो कॉस्ट) लगवा रही है. केंद्र और दिल्ली सरकार की मिलाकर कुल सब्सिडी ₹1.56 लाख तक पहुँच सकती है.

इस योजना से जहां आपकी जेब पर बिजली के बिल का बोझ काफी हद तक कम हो जाएगा, वहीं दिल्ली में प्रदूषण को कम करने और कार्बन उत्सर्जन घटाने में भी बड़ी मदद मिलेगी. योजना की लोकप्रियता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि अब तक दिल्ली में 1 लाख से ज्यादा नागरिक इसके तहत अपना रजिस्ट्रेशन करा चुके हैं.

कैसे करें योजना के लिए आवेदन? जानिए पूरा प्रोसेस

यदि आप भी दिल्ली में रहते हैं और इस पीएम सूर्य घर योजना का लाभ उठाना चाहते हैं, तो ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया बेहद आसान है:

  • सबसे पहले आधिकारिक राष्ट्रीय पोर्टल pmsuryaghar.gov.in पर जाएं.
  • पोर्टल पर जाने के बाद अपना राज्य (दिल्ली) और अपनी बिजली वितरण कंपनी (डिस्कॉम) का चयन करें.
  • इसके बाद अपना बिजली कनेक्शन कंज्यूमर नंबर और चालू मोबाइल नंबर दर्ज करके रजिस्ट्रेशन पूरा करें.
  • अगले चरण में अपनी छत का क्षेत्रफल और अपनी जरूरत के अनुसार किलोवाट क्षमता चुनकर फॉर्म सबमिट कर दें.
  • फॉर्म सबमिट होते ही आपका आवेदन दर्ज हो जाएगा और आगे की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी.

यह भी पढ़ें: केशवपुर से पुष्पांजलि के बीच तैयार हुआ नया ट्रैक, यात्रियों को जल्द मिलेगी कई नई मेट्रो लाइनों की कनेक्टिविटी