Delhi News: राजधानी दिल्ली में अपराध और अपराधियों पर शिकंजा कसते हुए दिल्ली पुलिस के स्पेशल स्टाफ ने एक बार फिर बड़ी कामयाबी हासिल की है. सेंट्रल दिल्ली के करनाल सिंह स्टेडियम के पास तड़के हुई खूनी मुठभेड़ के बाद पुलिस ने कुख्यात 'विकास कालिया गैंग' के दो वांछित बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी है, जिसके बाद उन्हें कड़ी सुरक्षा के बीच इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
ADVERTISEMENT
शोभा यात्रा पर अंधाधुंध फायरिंग कर फैलाई थी दहशत
पुलिस की प्राथमिक जांच के अनुसार, पकड़े गए शातिर बदमाशों की पहचान मुकेश और आकाश के रूप में हुई है, जो इलाके के नामी विकास कालिया गैंग से जुड़े सक्रिय गुर्गे हैं. ये दोनों बदमाश हाल ही में दिल्ली में निकाली गई एक धार्मिक शोभा यात्रा के दौरान हुई अंधाधुंध गोलीबारी की गंभीर वारदात में मुख्य आरोपी थे और लगातार फरार चल रहे थे. शोभा यात्रा जैसी भीड़भाड़ वाली जगह पर गोलियां चलाकर इन्होंने कानून-व्यवस्था को चुनौती दी थी और इलाके में भारी दहशत का माहौल पैदा कर दिया था.
स्पेशल स्टाफ का सीक्रेट ट्रैप और 6 से 7 राउंड ताबड़तोड़ फायरिंग
घटनाक्रम की जानकारी देते हुए सेंट्रल दिल्ली पुलिस ने बताया कि स्पेशल स्टाफ की टीम को तड़के गुप्त सूचना मिली थी कि विकास कालिया गैंग के दो इनामी शूटर एक बाइक पर सवार होकर करनाल सिंह स्टेडियम के पास से गुजरने वाले हैं. सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत हरकत में आते हुए मौके पर सीक्रेट ट्रैप लगाया.
जैसे ही बाइक सवार मुकेश और आकाश वहां पहुंचे, पुलिस टीम ने उन्हें सरेंडर करने और रुकने का इशारा किया. पुलिस को देखते ही बदमाशों ने भागने की कोशिश की, जिससे उनकी बाइक बेकाबू होकर फिसल गई. खुद को घिरा देख बदमाशों ने पुलिस टीम को निशाना बनाते हुए ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी. पुलिस के मुताबिक, मौके पर दोनों तरफ से करीब 6 से 7 राउंड फायरिंग हुई. बदमाशों की गोलियों के जवाब में पुलिस ने भी आत्मरक्षार्थ सधे हुए निशाने साधे, जिससे दोनों बदमाशों के पैरों में गोली लगी और वे मौके पर ही ढेर हो गए.
पुलिस अब खंगाल रही है हथियार और साजिश का एंगल
घटना के तुरंत बाद पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों और फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स की टीम ने क्राइम सीन का जायजा लिया. मौके पर सड़कों पर जगह-जगह गोलियों के खोल और खून के धब्बे पाए गए, जिन्हें पुलिस ने बैरिकेडिंग कर मार्किंग के जरिए फॉरेंसिक जांच के लिए सुरक्षित कर लिया है.
पुलिस अब अस्पताल में भर्ती दोनों बदमाशों से पूछताछ कर यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि शोभा यात्रा पर गोली चलाने के पीछे मुख्य वजह क्या थी और उन्हें इसके लिए हथियार कहां से मुहैया कराए गए थे. इसके अलावा पुलिस विकास कालिया गैंग के पूरे नेटवर्क, उनकी आगामी साजिशों और गैंग में शामिल अन्य सदस्यों की कुंडली खंगालने में जुट गई है.
ADVERTISEMENT


