दिल्ली में इलाज कराने आए मंगोलियाई नागरिक आखिर कहां गायब हो गए थे? मिलने के बाद सामने आई पूरी कहानी

वैशाली

12 Aug 2026 (अपडेटेड: Aug 12 2026 3:41 PM)

Delhi News: दिल्ली के राजेंद्र नगर इलाके में इलाज कराने आए 43 वर्षीय मंगोलियाई नागरिक ब्यांबा सुरेन अचानक लापता हो गए थे. दिल्ली पुलिस ने हाईटेक सर्विलेंस और सीसीटीवी फुटेज की मदद से महज 24 घंटे के अंदर उन्हें कीर्ति नगर इलाके से सुरक्षित खोज निकाला और उनके परिवार को सौंप दिया.

Delhi News (सांकेतिक तस्वीर)
Delhi News (सांकेतिक तस्वीर)
Google CTA

Delhi Mongolian Patient Missing Case: देश की राजधानी दिल्ली के राजेंद्र नगर इलाके से इलाज कराने आए 43 वर्षीय मंगोलियाई नागरिक के अचानक लापता होने से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया था. हालांकि, दिल्ली पुलिस की सतर्कता, हाईटेक सर्विलेंस और त्वरित कार्रवाई के चलते इस हाई-प्रोफाइल मामले को महज 24 घंटे के भीतर सुलझा लिया गया है. पुलिस ने बड़ा सर्च ऑपरेशन चलाकर विदेशी नागरिक को सुरक्षित ढूंढ निकाला.

Read more!

टहलने निकले और अचानक हुए गायब

जानकारी के अनुसार, मंगोलिया निवासी 43 वर्षीय ब्यांबा सुरेन अपने इलाज के सिलसिले में भारत आए थे और राजेंद्र नगर इलाके में ठहरे हुए थे. 9 अगस्त 2026 की सुबह करीब 11:00 बजे वह रोजाना की तरह टहलने के लिए बाहर निकले, लेकिन काफी समय बीत जाने के बाद भी वापस नहीं लौटे. काफी खोजबीन के बाद जब कोई सुराग नहीं मिला तो उनकी पत्नी ने 9 अगस्त की रात करीब 11:30 बजे राजेंद्र नगर थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई.

सीसीटीवी फुटेज और डिजिटल सर्विलेंस का लिया गया सहारा

विदेशी नागरिक की गुमशुदगी की संवेदनशीलता को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने तुरंत मिसिंग रिपोर्ट दर्ज की और स्पेशल सर्च ऑपरेशन शुरू किया. पुलिस टीमों ने राजेंद्र नगर और आसपास के दर्जनों सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले और ब्यांबा सुरेन का रूट मैप तैयार किया. जानकारी जिपनेट पर अपलोड की गई, 'ह्यू एंड क्राई' नोटिस जारी हुआ और वायरलेस संदेश के जरिए सभी थानों के साथ-साथ मंगोलियाई दूतावास को भी अलर्ट किया गया.

रास्ता भटकने से हुई थी घटना

सघन तलाश के बाद 10 अगस्त 2026 को पुलिस ने ब्यांबा सुरेन को राजेंद्र नगर से कुछ दूरी पर स्थित कीर्ति नगर थाना इलाके से पूरी तरह सुरक्षित खोज निकाला. पूछताछ में उन्होंने बताया कि उनके साथ कोई आपराधिक घटना नहीं हुई थी, वे टहलते-टहलते रास्ता भटक गए थे और भाषा की समझ न होने के कारण वापस अपने ठिकाने पर नहीं पहुंच सके. पुलिस ने उन्हें सुरक्षित उनकी पत्नी के सुपुर्द कर दिया, जिसके बाद परिजनों ने राहत की सांस लेते हुए दिल्ली पुलिस की मुस्तैदी का धन्यवाद किया.

यह भी पढ़ें: दिल्ली मेट्रो में चुपके से लड़कियों की वीडियो बनाते हुए पकड़ाया अधेड़ उम्र का शख्स, फिर बचाव में देने लगा अजीब सफाई! वीडियो हुआ वायारल