दिल्ली के रूपनगर इलाके में मंगलवार सुबह उस वक्त चीख-पुकार मच गई, जब ड्रेन के ऊपर बना दशकों पुराना लोहे का पुल अचानक ताश के पत्तों की तरह ढह गया. इस दर्दनाक हादसे में एक महिला की मलबे में दबने से जान चली गई है. हादसा सुबह करीब 9 बजे का बताया जा रहा है, जब इलाका पूरी तरह से सक्रिय था. हादसे के बाद इलाके में डर का माहौल छा गया.
ADVERTISEMENT
सुबह 9 बजे हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक, यह हादसा मंगलवार सुबह करीब 9:00 बजे हुआ. चश्मदीदों ने बताया कि पुल काफी पुराना था और जर्जर अवस्था में था. सुबह जब लोग काम और अन्य जरूरतों के लिए इस पुल का इस्तेमाल कर रहे थे, तभी यह अचानक गिर गया. इस पुल का इस्तेमाल स्थानीय लोग रूपनगर से मंडी जाने के लिए करते थे.
रेस्क्यू टीम ने निकाला शव
हादसे की सूचना मिलते ही रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और मलबे में दबी महिला को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी. फिलहाल मौके पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा है. रेस्क्यू टीम अभी भी इस बात की जांच कर रही है कि कहीं मलबे में कोई और तो नहीं दबा है, हालांकि अभी तक किसी और के फंसे होने की पुख्ता जानकारी नहीं मिली है.
बैरिकेडिंग के बावजूद हो रही थी आवाजाही
स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रशासन ने पुल की खराब हालत को देखते हुए बैरिकेड लगा रखे थे, लेकिन इसके बावजूद लोग शॉर्टकट के चक्कर में इस पुल का इस्तेमाल कर रहे थे. गनीमत यह रही कि यह हादसा सुबह जल्दी नहीं हुआ, क्योंकि सुबह 4:00 बजे के आसपास बड़ी संख्या में बच्चे इसी रास्ते से स्कूल जाते हैं.
प्रशासन पर उठे सवाल
हादसे के बाद इलाके में तनाव और शोक का माहौल है. स्थानीय निवासी इस पुराने और जर्जर पुल को समय रहते न हटाने या इसकी मरम्मत न करने को लेकर प्रशासन पर सवाल उठा रहे हैं. पुलिस ने फिलहाल इलाके की घेराबंदी कर दी है.
यहां देखें वीडियो
दिल्ली में LPG संकट: रेखा सरकार ने लागू की नई वितरण नीति, जानें अब किसे मिलेंगे कितने सिलेंडर?
ADVERTISEMENT


