दिल्ली से करनाल तक दौड़ेंगी DTC बसें, रास्ते में इन शहरों में होगा स्टॉपेज, जानें पूरा रूट

वैशाली

• 03:44 PM • 22 Aug 2026

Delhi New Buses Root: दिल्ली परिवहन निगम (DTC) ने कश्मीरी गेट आईएसबीटी से करनाल के बीच नई इलेक्ट्रिक एसी बस सेवा शुरू की है. 133 किमी लंबे इस रूट पर रोजाना 5 ई-बसें 10 फेरे लगाएंगी. मुरथल, पानीपत और समालखा जैसे प्रमुख स्टॉप्स के साथ यह सफर बेहद आरामदायक होगा.

DTC ने दिल्ली-करनाल रूट पर उतारीं 5 नई ई-बसे
DTC ने दिल्ली-करनाल रूट पर उतारीं 5 नई ई-बसे
Google CTA

Delhi To Karnal DTC Bus: दिल्ली और हरियाणा के बीच रोजाना सफर करने वाले यात्रियों के लिए बेहद राहत भरी खबर है. दिल्ली परिवहन निगम (DTC) ने कश्मीरी गेट आईएसबीटी से करनाल के बीच अपनी नई इलेक्ट्रिक एसी बस सेवा शुरू कर दी है. मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और उपराज्यपाल तरजीत सिंह संधू ने इन बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. इस पहल से दिल्ली, सोनीपत, पानीपत और करनाल के बीच नौकरी, पढ़ाई और व्यापार के सिलसिले में आने-जाने वाले हजारों लोगों को काफी सहूलियत मिलेगी.

Read more!

133 किमी का रूट और रोजाना 10 फेरे

दिल्ली के कश्मीरी गेट (महाराणा प्रताप आईएसबीटी) से करनाल तक का यह पूरा रूट लगभग 133 किलोमीटर लंबा है. इस लंबे सफर को सुगम और आरामदायक बनाने के लिए शुरुआत में 5 नई इलेक्ट्रिक एसी बसें उतारी गई हैं. ये बसें दोनों तरफ से मिलाकर रोजाना कुल 10 चक्कर (फेरे) लगाएंगी, जिससे यात्रियों को दिन भर में आसानी से बसें उपलब्ध हो सकेंगी.

रास्ते में किन-किन जगहों पर रुकेंगी ये बसें?

कश्मीरी गेट आईएसबीटी से निकलकर यह बस सीधे NH-44 (दिल्ली-अंबाला हाईवे) के रास्ते करनाल की तरफ बढ़ेगी. यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रास्ते के कई प्रमुख कस्बों और शहरों में स्टॉप बनाए गए हैं:

  • दिल्ली-हरियाणा बॉर्डर: सिंधु बॉर्डर
  • सोनीपत क्षेत्र: राई, भालगढ़, मशहूर मुरथल और गन्नौर
  • पानीपत क्षेत्र: समालखा और पानीपत शहर
  • करनाल क्षेत्र: घरौंडा और मधुबन

इन स्टॉप्स के बनने से हाईवे के आसपास रहने वाले लोगों को भी दिल्ली या करनाल जाने के लिए सीधी और आरामदायक बस सेवा मिल सकेगी.

पर्यावरण अनुकूल और बेड़े में शामिल हुईं 200 नई ई-बसें

दिल्ली सरकार ने पूरी दिल्ली के सार्वजनिक परिवहन को इलेक्ट्रिक बनाने के लिए एक बड़ा कदम उठाया है. इसी कड़ी में DTC के बेड़े में 200 नई इलेक्ट्रिक बसें एक साथ शामिल की गई हैं, जिनमें 12 मीटर की 88 बसें और 9 मीटर की 112 बसें शामिल हैं.

इन नई बसों के आने से दिल्ली में कुल बसों की संख्या लगभग 6,800 तक पहुंच गई है, जिनमें से अकेले 4,938 बसें पूरी तरह इलेक्ट्रिक हैं. ये ई-बसें धुआं-मुक्त और वातानुकूलित हैं, जिससे दिल्ली-एनसीआर में प्रदूषण कम करने में भी मदद मिलेगी. यदि आप भी दिल्ली से करनाल जाने का प्लान बना रहे हैं, तो कश्मीरी गेट से इस नई ई-बस सेवा का लाभ उठा सकते हैं.


यह भी पढ़ें: दिल्ली वालों को 200 नई इलेक्ट्रिक बसों की सौगात, लेडीज स्पेशल 'DEVI' बसें शुरू, जानें किन रूटों पर चलेंगी