हादसा नहीं, खौफनाक साजिश... तुगलकाबाद अग्निकांड में बड़ा खुलासा, पेट्रोल डालकर फूंकी गई थी बिल्डिंग

दिल्ली के तुगलकाबाद एक्सटेंशन में हुए भीषण अग्निकांड में पुलिस ने बड़ा खुलासा करते हुए एक नाबालिग लड़की समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया है. जांच में सामने आया कि यह हादसा नहीं बल्कि पैसों के पुराने विवाद का बदला लेने के लिए पेट्रोल डालकर रंजिशन रची गई एक खौफनाक साजिश थी, जिसमें तीन लोगों की जान चली गई.

दिल्ली तुलगकाबाद से आया हैरान करने वाला मामला
दिल्ली तुलगकाबाद से आया हैरान करने वाला मामला

आशुतोष कुमार

follow google news

12 जून की रात साउथ दिल्ली के तुगलकाबाद एक्सटेंशन इलाके में एक भीषण अग्निकांड हुआ था, जिसकी चपेट में आकर 8 लोग घायल हो गए थे, इसमें इलाज के दौरान कुछ लोगों की जान भी जा चुकी है. अब इसी मामले में एक बड़ा खुलासा हुआ है. दरअसल शुरुआती जांच में ये हादसा माना जा रहा था, लेकिन CCTV फुटेज और जांच के आधार पर पता चला कि ये आग साजिश के तहत लगाई गई थी. अब इस मामले में 5 लोगों को गिरफ्तार किया गया है जिसमें से एक नाबालिग लड़की भी है. 

Read more!

सीसीटीवी फुटेज से खुला राज

हादसे वाली जगह के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को जब पुलिस ने खंगाला तो एक बड़ा सुराग हाथ लगा. आग भड़कने से ठीक कुछ देर पहले एक संदिग्ध महिला उस बिल्डिंग के अंदर जाती दिखाई दी. शक गहराने पर जब पुलिस ने कड़ाई से तफ्तीश की तो गोविंदपुरी के नवजीवन कैंप की रहने वाली एक 17 साल की नाबालिग लड़की का नाम सामने आया. जब पुलिस ने नाबालिग से पूछताछ की, तो उसने इस पूरी खूनी साजिश का चिट्ठा खोलकर रख दिया। लड़की ने बताया कि गिरिनगर की रहने वाली 27 साल सरिता नाम की महिला ने उसे इस वारदात के लिए उकसाया था.

 स्कूटी जलाने का था प्लान

पूछताछ में सामने आया कि सरिता ने ही उस नाबालिग लड़की को पेट्रोल और माचिस का इंतजाम करके दिया था. असल में इस इमारत की पांचवीं मंजिल पर दीपक नाम का एक शख्स रहता है, जिससे इन लोगों का पैसों को लेकर पुराना विवाद चल रहा था. इसी खुन्नस में दीपक की स्कूटी को फूंकने की योजना बनाई गई थी. नाबालिग लड़की ने जाकर स्कूटी में आग तो लगा दी, लेकिन पेट्रोल की वजह से आग इतनी भयानक हो गई कि उसने पूरी बिल्डिंग को अपनी चपेट में ले लिया। किसी को संभलने का मौका तक नहीं मिला और कई हंसते-खेलते परिवार तबाह हो गए.

साजिश के पीछे थे दो भाई अब लगीं हत्या की धाराएं

पुलिस की गिरफ्त में आई सरिता ने आगे के राज खोलते हुए बताया कि इस पूरी साजिश के मास्टरमाइंड दो भाई थे. इनमें नवजीवन कैंप के रहने वाले 33 साल के निरंजन और उसके 27 साल के भाई राजकुमार का नाम शामिल है. इन दोनों ने ही अपने पुराने विवाद का बदला लेने के लिए इस पूरी वारदात का ताना-बाना बुना था. साजिश का पर्दाफाश होने के बाद दिल्ली पुलिस ने अब इस केस में बेहद गंभीर धाराएं जोड़ दी हैं. आरोपियों पर अब आपराधिक साजिश, गैर इरादतन हत्या, हत्या के प्रयास, आगजनी और रात के वक्त घर में घुसने के तहत मुकदमा चलेगा। पुलिस ने नाबालिग लड़की, सरिता, निरंजन और राजकुमार को गिरफ्तार कर लिया है और अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस खौफनाक खेल में कोई और भी शामिल था या नहीं. 

ये भी पढ़ें: पेट्रोल का झंझट खत्म! सरकार ने 100% इथेनॉल फ्यूल को दी मंजूरी, नितिन गडकरी ने साइन की फाइल

    follow google news