दिल्ली में 'मेड नहीं मिली' तो फ्लैट मालिक ने अपना गुस्सा सिक्योरिटी गार्ड पर उतार दिया, वीडियो वायरल

Dwarka Viral Video: दिल्ली के द्वारका स्थित कारगिल अपार्टमेंट में मेड न मिलने के विवाद के बाद एक फ्लैट मालिक द्वारा सिक्योरिटी गार्ड की कथित पिटाई का CCTV वीडियो वायरल हो गया है. जानिए पूरा मामला, पीड़ित गार्ड का आरोप, पुलिस में दर्ज शिकायत, वायरल वीडियो की पूरी कहानी और अब तक क्या कार्रवाई हुई.

Dwarka Viral Video
Dwarka Viral Video

न्यूज तक डेस्क

follow google news

देश की राजधानी दिल्ली के द्वारका इलाके से एक बेहद ही हैरान करने वाला और मानवता को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है. यहां के सेक्टर 18 स्थित कारगिल अपार्टमेंट में एक फ्लैट मालिक की दबंगई का सीसीटीवी (CCTV) वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि कैसे एक रसूखदार शख्स अपार्टमेंट के गेट पर तैनात एक गरीब सुरक्षाकर्मी की बेरहमी से लात, घूंसों और चप्पलों से पिटाई कर रहा है. पीड़ित गार्ड अपनी जान की भीख मांगते हुए हाथ जोड़ता रहा, लेकिन आरोपी का दिल नहीं पसीजा.

Read more!

मेड न मिलने पर शुरू हुआ पूरा विवाद

यह पूरी घटना 25 तारीख की सुबह करीब सवा 8 बजे की बताई जा रही है. पीड़ित सुरक्षाकर्मी का नाम मनोज कुमार है, जो पिछले करीब दो-ढाई महीने से इस सोसाइटी में नौकरी कर रहा था. विवाद की शुरुआत तब हुई जब कारगिल अपार्टमेंट के फ्लैट नंबर V48 में रहने वाले एक शख्स की पत्नी मेड (कामवाली बाई) की तलाश में गार्ड के पास आई थीं. इस दौरान गार्ड ने उनसे कह दिया कि 'आप लोग पैसे कम देते हैं, इसलिए कोई भी मेड आपके घर काम करने के लिए तैयार नहीं होती है.' यह बात महिला को इतनी नागवार गुजरी कि उन्होंने इसकी शिकायत अपने पति से कर दी. इसी मामूली सी बात पर गुस्साया आरोपी तरुण कार से अपार्टमेंट पहुंचा और गाड़ी से उतरते ही सीधे गार्ड पर हमला बोल दिया.

चप्पलों से मारा, कॉलर पकड़कर झाड़ियों में घसीटा

घटना के वक्त मौके पर मौजूद चश्मदीदों और सोसाइटी के अन्य कर्मचारियों ने बताया कि आरोपी गुस्से में आग बबूला था. उसने आते ही गार्ड को 'पागल' और 'बदतमीज' कहते हुए पीटना शुरू कर दिया. वायरल वीडियो और सीसीटीवी फुटेज के अनुसार, आरोपी ने गार्ड को इतने जोरदार धक्के दिए कि वह पास रखी कुर्सी और कूलर पर जा गिरा, जिससे वहां रखा कूलर भी टूट गया. आरोपी ने गार्ड को चप्पलों से पीटा और उसकी पीठ व सीने पर कई लात मारीं.

इतना ही नहीं, जब इतने से भी आरोपी का मन नहीं भरा, तो वह पीड़ित गार्ड का कॉलर पकड़कर घसीटते हुए उसे सोसाइटी के अंदर ले गया और वहां झाड़ियों में गिराकर भी उसकी जमकर पिटाई की. इस दौरान वहां सब्जी की दुकान लगाने वाले एक शख्स ने आरोपी को रोकने की कोशिश की और एक महिला ने भी टोका, लेकिन आरोपी ने किसी की नहीं सुनी.

जान से मारने की धमकी देकर हुआ फरार

पीड़ित गार्ड और उसके सुपरवाइजर उदय ने बताया कि पिटाई करने के बाद भी आरोपी की दबंगई कम नहीं हुई. आरोपी जाते-जाते पीड़ित सुरक्षाकर्मी को धमकी दे गया कि 'अगर आज के बाद तू इस सोसाइटी में दोबारा नजर आया, तो मैं वापस आकर तुझे जान से मार डालूंगा.' इस हमले के बाद से पीड़ित गार्ड मनोज बेहद डरा और सहमा हुआ है. पीड़ित के सीने और शरीर के अन्य हिस्सों में काफी गंभीर चोटें आई हैं और उसके गले में भी काफी दर्द है.

कार्रवाई के आश्वासन के बीच पुलिस के रवैए से रोष

घटना के बाद पीड़ित सुरक्षाकर्मी ने दिल्ली के सेक्टर 17 थाने में आरोपी के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई है, जिसके बाद उसका मेडिकल (MLC) भी कराया गया है. हालांकि, घटना को कई दिन बीत जाने के बाद भी दिल्ली पुलिस की तरफ से अभी तक आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया गया है. पुलिस ने केवल कार्रवाई का आश्वासन दिया है.

पुलिस के इस ढुलमुल रवैए को लेकर कारगिल अपार्टमेंट के आरडब्ल्यूए (RWA) और वहां काम करने वाले अन्य सुरक्षाकर्मियों में भारी आक्रोश है. सोसाइटी के अन्य गार्ड्स भी बेहद डरे हुए हैं कि अगर रसूखदार लोग उनके साथ इस तरह की हिंसक वारदातें करेंगे, तो वे अपनी ड्यूटी के दौरान खुद को कैसे सुरक्षित महसूस कर पाएंगे. फिलहाल, सभी कर्मचारी आरोपी के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं.

यहां देखें वीडियो

Delhi Viral Video: दिल्ली में मामूली टक्कर के बाद महिला ने सरेआम काटा बवाल, कैब ड्राइवर को जड़े थप्पड़, वीडियो वायरल

    follow google news