राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में नवंबर का महीना खत्म होने के साथ ही ठंड का असर बढ़ने लगा है. सुबह के समय धुंध और कोहरे के बीच लोगों की दिनचर्या शुरू हो रही है, जबकि दिन में धूप निकलने से कुछ राहत मिल रही है. हालांकि, शाम और रात के समय तापमान में गिरावट से सर्दी का एहसास बढ़ रहा है. मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक, आने वाले दिनों में दिल्ली के अधिकतम और न्यूनतम तापमान में गिरावट देखने को मिल सकती है. खास बात यह है कि दिसंबर की शुरुआत में सुबह के समय कोहरे का असर भी बना रहेगा. आइए जानते हैं 29 नवंबर से 4 दिसंबर तक दिल्ली में मौसम कैसा रहने वाला है.
ADVERTISEMENT
29 नवंबर को कैसा रहेगा दिल्ली का मौसम?
मौसम विभाग के अनुसार, 29 नवंबर को दिल्ली में आसमान मुख्य रूप से साफ रहेगा. हालांकि, सुबह के समय कई इलाकों में कुहासा या हल्का कोहरा छा सकता है. वहीं, कुछ स्थानों पर मध्यम स्तर का कोहरा देखने को मिल सकता है. दिन के दौरान बारिश की कोई संभावना नहीं है और मौसम शुष्क बना रहेगा. खबर लिखे जाने तक मौसम विभाग ने 29 नवंबर के लिए दिल्ली में कोई विशेष मौसम चेतावनी जारी नहीं की है. हालांकि, सुबह के समय कोहरे के कारण कुछ इलाकों में दृश्यता प्रभावित हो सकती है. वही तापमान की बात करें तो दिल्ली में अधिकतम तापमान 25 से 27 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 9 से 11 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है. यानी दिन में धूप से राहत मिलेगी, लेकिन सुबह और रात के समय ठंड का असर महसूस होगा.
दिसंबर की शुरुआत में कैसा रहेगा दिल्ली का मौसम?
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 30 नवंबर को भी दिल्ली में आसमान मुख्य रूप से साफ रहने की संभावना है. सुबह के समय कई स्थानों पर कुहासा या हल्का कोहरा छा सकता है, जबकि कुछ इलाकों में मध्यम कोहरा देखने को मिल सकता है. इस दिन अधिकतम तापमान 24 से 26 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 9 से 11 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है.
वहीं, 1 दिसंबर से 4 दिसंबर के बीच दिल्ली के आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं. इस दौरान सुबह के समय कोहरे का असर भी बना रहेगा. कुछ स्थानों पर मध्यम स्तर का कोहरा छाने की संभावना है.
दिल्ली में कब से गिरेगा तापमान?
मौसम विभाग के मुताबिक, अगले 24 घंटों के बाद दिल्ली के अधिकतम तापमान में गिरावट आ सकती है. वहीं, अगले सात दिनों तक न्यूनतम तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है. इसका मतलब है कि दिन के तापमान में धीरे-धीरे कमी देखने को मिल सकती है, जबकि रात का तापमान फिलहाल लगभग स्थिर रहेगा. हालांकि, 8 से 10 डिग्री सेल्सियस तक न्यूनतम तापमान रहने से सुबह और देर रात ठंड का असर महसूस होगा.
पश्चिमी विक्षोभ का दिल्ली पर क्या होगा असर?
मौसम विभाग के अनुसार, 2 दिसंबर की रात से एक नया पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हिमालय क्षेत्र को प्रभावित कर सकता है. हालांकि, दिल्ली में इस मौसमी प्रणाली के कारण बारिश होने की कोई संभावना नहीं जताई गई है. कुल मिलाकर दिल्ली में अगले कुछ दिनों तक मौसम शुष्क रहने का अनुमान है. सुबह के समय कुहासा और कोहरा देखने को मिलेगा, जबकि दिन में धूप के साथ मौसम अपेक्षाकृत सुहावना रह सकता है. दिसंबर की शुरुआत में अधिकतम तापमान में गिरावट के चलते ठंड का असर धीरे-धीरे बढ़ने की संभावना है.
यह भी पढ़ें:
ADVERTISEMENT


