Delhi Weather Update: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और आसपास के इलाकों में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है. कभी आसमान में बादल छा रहे हैं, तो कभी तेज धूप लोगों को परेशान कर रही है. पश्चिमी विक्षोभ और चक्रवाती परिसंचरण जैसे मौसमी कारकों के असर से तापमान और हवाओं के रुख में बदलाव देखने को मिल रहा है. इस बीच मौसम विभाग ने ताजा बुलेटिन जारी किया है. इसके मुताबिक, आने वाले दिनों में दिल्ली-NCR में बादलों की आवाजाही बनी रह सकती है. ऐसे में आइए जानते हैं कि हफ्ते की शुरुआत दिल्लीवासियों के लिए कैसी रहने वाली है.
ADVERTISEMENT
दिल्ली में 12 अक्टूबर को कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग के अनुसार, 12 अक्टूबर 2026 को दिल्ली में दिनभर आसमान में बादल छाए रहेंगे, लेकिन बारिश की संभावना नहीं है. मौसम शुष्क बना रहेगा. दिल्ली से सटे नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम और फरीदाबाद में भी बादल छाए रहने का अनुमान है. इन जिलों में बारिश या आंधी की संभावना नहीं जताई गई है. खबर लिखे जाने तक मौसम विभाग ने 12 अक्टूबर के लिए कोई चेतावनी जारी नहीं की थी.
वहीं तापमान की बात करें तो दिल्ली में अधिकतम तापमान 32 से 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22 से 24 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है. दिन में दक्षिण-पूर्वी दिशा से 15 से 20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. वहीं, शाम और रात के समय हवा की रफ्तार घटकर 10 से 15 किलोमीटर प्रति घंटे रह सकती है. पिछले दिनों के मुकाबले 12 अक्टूबर को तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने की संभावना है. हालांकि, दिन के समय हल्की गर्मी का एहसास बना रह सकता है.
आने वाले दिनों में दिल्ली के मौसम का हाल
मौसम विभाग के 7 दिनों के पूर्वानुमान के अनुसार, 13 अक्टूबर से लेकर 17 अक्टूबर तक दिल्ली-NCR में बारिश की कोई संभावना नहीं है और मौसम मुख्य रूप से साफ से लेकर आंशिक रूप से बादलों वाला रहेगा. 13 से 15 अक्टूबर के दौरान अधिकतम तापमान 32 से 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 से 25 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया जा सकता है. इसके बाद 16 और 17 अक्टूबर को हवा की दिशा बदलकर उत्तर-पूर्वी हो जाएगी, जिससे सुबह और रात के समय तापमान में मामूली गिरावट देखने को मिल सकती है. उत्तर दिल्ली, उत्तर-पश्चिम दिल्ली, दक्षिण दिल्ली, नई दिल्ली और पूर्वी दिल्ली समेत पूरे NCR में आने वाले दिनों में मौसम सुहाना और शुष्क रहने की संभावना जताई गई है.
ADVERTISEMENT


