Delhi Weather Update: बारिश के बाद दिल्ली में बदला मौसम का मिजाज, IMD ने 13 अक्टूबर के लिए जारी किया ये अपडेट

न्यूज तक डेस्क

• 07:31 PM • 12 Oct 2026

Delhi Weather Update: दिल्ली में सोमवार की बारिश के बाद मौसम सुहावना हो गया है. सुबह-शाम हल्की ठंड महसूस होने लगी है, जबकि दिन में तापमान में उतार-चढ़ाव जारी रहेगा. मौसम विभाग के मुताबिक, 13 अक्टूबर को बादल छाए रह सकते हैं. अगले कुछ दिनों में तापमान में बदलाव होगा, लेकिन पूरे सप्ताह बारिश की संभावना नहीं है.

Delhi Weather Update
Delhi Weather Update
Google CTA

Delhi Weather Update: मौसम में बदलाव और पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से राजधानी दिल्ली और आसपास के इलाकों में मौसम का मिजाज बदला हुआ है. सोमवार को हुई बारिश ने मौसम को और सुहावना बना दिया. बारिश के बाद चल रही ठंडी हवाओं के चलते दिल्ली के तापमान में उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है. तापमान में बदलाव के कारण लोगों को सुबह और शाम हल्की ठंड का अहसास होने लगा है. इस बीच मौसम विभाग (IMD) ने ताजा बुलेटिन जारी किया है. इसके अनुसार, दिल्ली में अगले कुछ दिनों तक आसमान में बादलों की आवाजाही बनी रह सकती है.

Read more!

दिल्ली में 13 अक्टूबर को कैसा रहेगा मौसम?

मौसम विभाग के ताजा अनुमान के मुताबिक, दिल्ली में 13 अक्टूबर को दिन भर बादल छाए रहने  का अनुमान है. इस दिन अधिकतम तापमान 32 से 34 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है, जबकि न्यूनतम तापमान 19 से 21 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया जा सकता है. दिन के दौरान कोई बारिश दर्ज नहीं की जाएगी. हवा की दिशा और गति की बात करें तो सुबह के समय 10-15 किमी/घंटे की रफ्तार से दक्षिण-पूर्वी हवाएं, दोपहर में उत्तर-पूर्वी हवाएं और शाम के वक्त 15-20 किमी/घंटे की रफ्तार से दक्षिण-पूर्वी हवाएं चलने का अनुमान है. तापमान में हल्की बढ़ोतरी के बावजूद मौसम में तीखी गर्मी नहीं रहेगी. हालांकि, खबर लिखे जाने तक 13 अक्टूबर के लिए मौसम विभाग ने कोई अलर्ट जारी नहीं किया है.

आने वाले दिनों दिल्ली के मौसम का हाल

आने वाले दिनों की बात करें तो 14 से 18 अक्टूबर के बीच दिल्ली के सभी जिलों (उत्तर, दक्षिण, पूर्व, पश्चिम, मध्य, शाहदरा, नई दिल्ली, उत्तर-पश्चिम, उत्तर-पूर्व, दक्षिण-पश्चिम और दक्षिण-पूर्व) के साथ-साथ नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम और फरीदाबाद में भी आंशिक रूप से बादल छाए रहने का अनुमान है. 14 अक्टूबर को अधिकतम तापमान 33 से 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 21 से 23 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है. 15 और 16 अक्टूबर को तापमान में थोड़ी गिरावट आ सकती है और अधिकतम तापमान 30 से 33 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है. इसके बाद 17 और 18 अक्टूबर को उत्तर और उत्तर-पश्चिमी हवाओं के प्रभाव से न्यूनतम तापमान में फिर गिरावट आने का अनुमान है. इस दौरान न्यूनतम तापमान 19 से 21 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है. मौसम विभाग के अनुसार, पूरे सप्ताह बारिश की संभावना नहीं.

यह भी पढ़ें: Jantar Mantar Protest: दिल्ली में प्रदर्शन के नियम बदले, जंतर-मंतर की जगह अब इन 3 स्थलों को मिली मंजूरी