Delhi Weather Today: दिल्ली में मौसम का यू-टर्न, गर्मी के बीच आज होगी बारिश, 50 किमी/घंटा स्पीड से चलेंगी हवाएं...IMD ने जारी की चेतावनी

दिल्ली-एनसीआर में गर्मी के बीच अचानक मौसम ने करवट ली है. मौसम विभाग ने 15 मार्च को दिल्ली के कई इलाकों में हल्की बारिश और गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने का अनुमान जताया है. हालांकि, जल्द ही पारे में फिर से उछाल आने की संभावना है.

Delhi Weather Today
Delhi Weather Today

संदीप कुमार

follow google news

Delhi Weather Update: दिल्ली-एनसीआर में मार्च की तपिश के बीच मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है. पिछले कुछ दिनों से जहां चटख धूप लोगों को पसीने छुड़ा रही थी, वहीं अब आसमान में बादलों का जमावड़ा लगना शुरू हो गया है. मौसम विभाग के ताजा बुलेटिन के अनुसार, उत्तर भारत में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ और जेट स्ट्रीम के प्रभाव से दिल्ली की हवाओं में बदलाव महसूस किया जा रहा है. इससे दिल्ली में बारिश होने की संभावना जताई गई है. ऐसे में इस बदलते मिजाज के कारण दिल्लीवासियों को तपती गर्मी से अस्थायी राहत मिलने की उम्मीद है. 

Read more!

15 मार्च को कैसा रहेगा दिल्ली का मौसम?

मौसम विभाग ने अनुसार, आज यानी 15 मार्च को दिल्ली और आसपास के इलाकों में मौसम मिला-जुला रहने वाला है. मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, आज सुबह और दोपहर के समय दिल्ली के विभिन्न हिस्सों में हल्की बारिश या बूंदाबांदी होने की संभावना है. इस दौरान गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की भी चेतावनी जारी की गई है. IMD के अनुसार, नई दिल्ली, उत्तर-पूर्वी दिल्ली और दक्षिण-पश्चिमी दिल्ली के क्षेत्रों में बादल छाए रहेंगे और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. हल्की बारिश के बावजूद उमस का अहसास बना रह सकता है. माैसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए आज येलो अर्लट जारी किया है.

दिल्ली में पारा लगातार सामान्य से ऊपर बना हुआ है. अगले 24 घंटों के दौरान अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की मामूली गिरावट दर्ज की जा सकती है, जिससे दिन के समय थोड़ी राहत मिलेगी. हालांकि, ये राहत ज्यादा समय तक नहीं टिकेगी क्योंकि इसके बाद तापमान में फिर से 2 से 3 डिग्री की बढ़ोतरी होने का अनुमान है. आने वाले सप्ताह में अधिकतम तापमान सामान्य से 3 से 5 डिग्री सेल्सियस अधिक रहने की संभावना है. वही न्यूनतम तापमान भी अब 15 डिग्री के ऊपर स्थिर हो गया है, जिससे रातों में भी अब गुलाबी ठंड का असर खत्म हो गया है.

दिल्ली में आने वाले दिनों में कैसा रहेगा मौसम

दिल्ली के आने वाले दिनों के मौसम की बात करें तो ये काफी उतार-चढ़ाव से भरा रहने वाला है. 16 मार्च को आसमान मुख्य रूप से साफ रहेगा और तेज धूप निकलेगी, जिससे गर्मी बढ़ेगी. लेकिन 17 मार्च की रात से उत्तर-पश्चिम भारत में एक नया पश्चिमी विक्षोभ दस्तक देने वाला है. इसके प्रभाव से 18 और 19 मार्च को दिल्ली, गाजियाबाद और नोएडा के इलाकों में एक बार फिर आंशिक रूप से बादल छा सकते हैं और कहीं-कहीं बूंदाबांदी हो सकती है. 20 मार्च के बाद से मौसम पूरी तरह शुष्क हो जाएगा और लू जैसी स्थिति बनने की संभावना है, क्योंकि पारा 35-37 डिग्री सेल्सियस के स्तर को पार कर सकता है.

    follow google news