Delhi NCR Weather Update: दिल्ली-NCR में मानसून की रफ्तार धीमी पड़ने के कारण लोगों को उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ रहा है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, 19 जुलाई 2026 को दिल्ली में आमतौर पर आसमान में बादल छाए रहेंगे. सुबह या दोपहर के समय राजधानी के कुछ हिस्सों में मेघ गर्जन और बिजली चमकने के साथ बहुत हल्की से हल्की बारिश होने की संभावना है. इसके साथ ही 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज सतही हवाएं चलेंगी, जिनके झोंके कभी-कभी 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकते हैं. हालांकि, इस हल्की बारिश से लोगों को गर्मी से कोई बड़ी राहत मिलने की उम्मीद नहीं है और दिनभर उमस का प्रभाव बना रहेगा.
ADVERTISEMENT
दिल्ली में 19 जुलाई को अलर्ट वाले जिलों के नाम
मौसम विभाग ने 19 जुलाई के लिए दिल्ली के सभी 11 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है. इसके तहत उत्तरी दिल्ली, उत्तर पूर्वी दिल्ली, उत्तर-पश्चिम दिल्ली, पश्चिमी दिल्ली, मध्य दिल्ली, पूर्वी दिल्ली, शाहदरा, नई दिल्ली, दक्षिणी दिल्ली, दक्षिण-पश्चिम दिल्ली और दक्षिण-पूर्वी दिल्ली में रहने वाले लोगों को मौसम के प्रति सतर्क रहने की सलाह दी गई है. इन सभी जिलों में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश और गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने का अनुमान है, जिससे यातायात या सामान्य गतिविधियों पर आंशिक असर पड़ सकता है.
मौसम विभाग की चेतावनी
राजधानी में इस समय उमस के साथ भीषण गर्मी का प्रकोप है. मौसम विभाग ने 19 जुलाई को भी दिल्ली के कई इलाकों में उमस भरी गर्म पड़ने की चेतावनी जारी की है. वहीं तापमान की बात करें तो इस दौरान अधिकतम तापमान 35 से 37 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 से 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है. विभाग ने लोगों को सुझाव दिया है कि वे अनावश्यक रूप से गर्मी में निकलने से बचें, हल्के वजन वाले, हल्के रंग के और ढीले सूती कपड़े पहनें और धूप में निकलते समय सिर को कपड़े, टोपी या छाते से जरूर ढकें.
मानसून की स्थिति ?
मौसम प्रणाली की बात करें तो मानसून की मुख्य ट्रफ रेखा इस समय समुद्र तल पर अमृतसर, करनाल, हरदोई, रांची और दीघा से होकर उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी तक जा रही है. साथ ही उत्तरी हरियाणा और पूर्वी उत्तर प्रदेश के ऊपर चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है. इसके प्रभाव से आने वाले दिनों में दिल्ली के मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा.
आने वाले दिनों में दिल्ली के मौसम का हाल?
मौसम विभाग के मुताबिक 20 और 21 जुलाई को मानसून फिर से जोर पकड़ेगा, जिससे उत्तरी दिल्ली, दक्षिण-पश्चिम दिल्ली, नई दिल्ली समेत सभी जिलों के अनेक स्थानों पर मध्यम से तेज बारिश होने की संभावना है. 20 जुलाई से अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस की बड़ी गिरावट आएगी, जिससे तापमान 32-34 डिग्री सेल्सियस तक आ जाएगा और दिल्लीवासियों को उमस भरी गर्मी से राहत मिलेगी. यह राहत भरा सिलसिला 22 और 23 जुलाई को भी हल्की बारिश के रूप में जारी रहेगा.
यह भी पढ़ें: Delhi Metro में सोनम वांगचुक के लिए अकेले भिड़ गई लड़की, देखते रह गए यात्री, अब वीडियो हो रहा वायरल
ADVERTISEMENT


