Delhi Weather Update: दिल्ली में मौसम एक बार फिर करवट ले रहा है. बसंत की शुरुआत के साथ ही सूरज की तपिश महसूस होने लगी है, लेकिन सुबह और शाम की हल्की ठंड अभी भी बरकरार है. इस बीच अब मौसम विभाग ने ताजा अपडेट जारी किया है. इसके अनुसार दिल्ली में आसमान में बादलों की आवाजाही कम रहेगी, लेकिन दिनभर चलने वाली हवाएं आपको सूरज की तपिस ने राहत दिलाएगी.वहीं आने वाले 9 मार्च तक मौसम ऐसा बने रहने की संभावना.
ADVERTISEMENT
4 मार्च को कैसा रहेगा दिल्ली का मौसम?
मौसम विभाग ने अनुसार आज यानी 4 मार्च को दिल्ली और इसके आसपास के इलाकों में आसमान साफ रहेगा. दिन के समय धूप खिली रहेगी, जिससे तापमान में थोड़ी बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है. हालांकि, मौसम विभाग के अनुसार दिन के दौरान सतह पर लगातार तेज हवाएं चलने का अनुमान है, जिनकी गति 15 से 25 किमी प्रति घंटा के बीच रह सकती है. कभी-कभी हवा के ये झोंके 35 किमी प्रति घंटा की रफ्तार तक भी पहुंच सकते हैं, जिससे खुले इलाकों में धूल उड़ने या चलने में थोड़ी असुविधा महसूस हो सकती है. उत्तर-पश्चिम, उत्तर-पूर्व, मध्य दिल्ली, शाहदरा, पश्चिमी दिल्ली और नई दिल्ली जैसे सभी प्रमुख जिलों में इसी तरह की मौसमी स्थिति रहने की संभावना है.
तापमान की बात करें तो दिल्ली में अब कड़ाके की ठंड से राहत मिल चुकी है. 4 मार्च को न्यूनतम तापमान 15 से 17 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है, जबकि अधिकतम तापमान 32 से 34 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है. सुबह के वक्त हल्की ठंडक महसूस हो सकती है, लेकिन दोपहर होते-होते गर्मी का एहसास होने लगेगा. पिछले 24 घंटों में सफदरजंग में न्यूनतम तापमान 15.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था जो सामान्य से 2.2 डिग्री अधिक है. आगामी दिनों में न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की और बढ़ोतरी होने की संभावना है जिससे रातें भी धीरे धीरे गर्म होने लगेंगी.
दिल्ली में आने वाले दिनों में कैसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग की चेतावनी के अनुसार, 5 मार्च तक दिन के समय तेज सतही हवाओं का सिलसिला जारी रहेगा. हालांकि, किसी बड़े अलर्ट या बारिश की चेतावनी जारी नहीं की गई है और आसमान साफ ही रहेगा. 5 मार्च को अधिकतम तापमान 33 से 35 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है. वहीं 6 मार्च से एक नया पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हिमालय क्षेत्र को प्रभावित कर सकता है, जिसका असर दिल्ली के तापमान और हवा के रुख पर पड़ सकता है. आने वाले एक सप्ताह के दौरान अधिकतम तापमान में धीरे धीरे 3 से 4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी देखी जाएगी जो गर्मी की दस्तक का साफ संकेत है.
ADVERTISEMENT

