Delhi weather update: दिल्ली और एनसीआर के इलाकों में मौसम की लुका-छिपी लगातार जारी है. पिछले कुछ दिनों में हुई हल्की बारिश और बादलों की आवाजाही के बाद अब तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है. मौसम विभाग के ताजा बुलेटिन के अनुसार, उत्तर-पश्चिम भारत में एक बार फिर पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता देखने को मिल रही है, जिसका असर दिल्ली के आसमान पर भी साफ तौर पर दिखाई देगा. चिलचिलाती गर्मी की आहट के बीच आज का मौसम दिल्लीवासियों के लिए मिला-जुला रहने वाला है, जहां धूप और बादलों का आना जाना लगा रहेगा.
ADVERTISEMENT
दिल्ली में 6 अप्रैल को कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग के अनुसार आज यानी 6 अप्रैल को दिल्ली के अधिकांश जिलों में आसमान साफ रहने का अनुमान है. हालांकि, दिन चढ़ने के साथ आंशिक रूप से बादल छा सकते हैं. IMD की माने तो आज बारिश की संभावना काफी कम है, लेकिन हवाओं की रफ्तार बनी रहेगी. नई दिल्ली, उत्तर दिल्ली, उत्तर-पश्चिम दिल्ली, पश्चिम दिल्ली और दक्षिण दिल्ली सहित लगभग सभी क्षेत्रों में मौसम शुष्क रहेगा. दिन के समय तेज धूप निकलने के कारण लोगों को हल्की गर्मी का अहसास होगा, लेकिन शाम होते-होते मौसम फिर से सुहावना होने की उम्मीद है.
वहीं तापमान की स्थिति पर नजर डालें तो आज का न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस से 20 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है, जो सुबह और रात के समय हल्की राहत देगा. वहीं, अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस से 36 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया जा सकता है. अगले दो दिनों में अधिकतम तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस की और बढ़ोतरी होने का अनुमान है, जिससे दिन के समय गर्मी का असर थोड़ा और बढ़ जाएगा. हालांकि, आने वाले पश्चिमी विक्षोभ के कारण 7 और 8 अप्रैल को पारे में फिर से 2 से 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट देखी जा सकती है.
दिल्ली में आने वाले दिनों में कैसा रहेगा मौसम
वहीं आने वाले दिनों में दिल्ली के मौसम में एक बड़ा बदलाव आने वाला है. मौसम विभाग ने चेतावनी जारी की है कि 7 अप्रैल को दिल्ली के विभिन्न जिलों में बादल छाए रहेंगे और शाम या रात के दौरान गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश की बौछारें पड़ सकती हैं. इस दौरान 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज झोंकेदार हवाएं चलने की भी संभावना है. 8 अप्रैल को भी आसमान में बादल छाए रहने और बहुत हल्की बारिश के साथ बिजली गिरने की आशंका जताई गई है. इसके बाद 9 अप्रैल से मौसम फिर से साफ होने लगेगा और तापमान में तेजी से बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी.
ADVERTISEMENT


