Delhi Mausam News: राजधानी दिल्ली में एक बार फिर तेज बारिश का सिलसिला लौटने की पूरी संभावना नजर आ रही है. मौसम विभाग ने मंगलवार और बुधवार को भारी बारिश की चेतावनी देते हुए येलो अलर्ट जारी किया है. बता दें कि इससे पहले रविवार को दिनभर धूप और बादलों के बीच आंख-मिचौली चलती रही. कुछ इलाकों में हल्की फुहारें पड़ीं, जिसके बाद लोगों को पसीने और उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ा. हालांकि अब मौसम में बड़ा बदलाव आने की संभावना जताई गई है. इसे देखते हुए मंगलवार को राजधानी के सभी जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है.
ADVERTISEMENT
दिल्ली के इन इलाकों में 28 जुलाई को जारी हुआ येलो अलर्ट
मौसम विभाग के ताजा बुलेटिन के मुताबिक 28 जुलाई को दिल्ली के सभी 11 जिलों येलो अलर्ट जारी किया है. IMD के अनुसार मंगलवार को दिल्ली के आसमान में बादल छाए रहेंगे. वहीं सुबह से दोपहर के बीच ज़्यादातर जगहों पर बहुत हल्की से हल्की बारिश होने की संभावना जताई गई है.हालांकि, कुछ जगहों पर मध्यम बारिश भी हो सकती है. वहीं शाम और रात के समय कई जगहों पर बहुत हल्की से हल्की बारिश और कुछ अलग-अलग जगहों पर मध्यम बारिश होने की का अनुमान है. अलर्ट वाले जिलों में उत्तरी, उत्तर-पूर्वी, उत्तर-पश्चिम, पश्चिमी, मध्य, पूर्वी, शाहदरा, नई दिल्ली, दक्षिणी, दक्षिण-पश्चिम और दक्षिण-पूर्वी दिल्ली शामिल है. इसके साथ ही NCR के शहरों जैसे नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम और फरीदाबाद में भी मध्यम स्तर की बारिश को लेकर सतर्क रहने की सलाह दी गई है.
जानिए आने वाले दिनों में कैसा रहेगा दिल्ली का मौसम
मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में दिल्ली का तापमान 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक और गिर सकता है. 29 जुलाई को भी 28 जुलाई जैसा ही मौसम रहेगा और मध्यम स्तर की बारिश का पीला अलर्ट लागू रहेगा. इसके बाद 30 जुलाई से लेकर 2 अगस्त तक दिल्ली के सभी हिस्सों में हल्की या बहुत हल्की बारिश का दौर जारी रहेगा. इस पूरे हफ्ते आसमान में घने बादल छाए रहेंगे और अधिकतम तापमान 32 से 35 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना रहेगा.
ADVERTISEMENT


