DTC बसों में 16 अगस्त से पिंक टिकट होगा बंद, फ्री सफर के लिए बदल जाएगा नियम, जानिए अब कैसे मिलेगी सुविधा

वैशाली

12 Aug 2026 (अपडेटेड: Aug 12 2026 6:16 PM)

Delhi Bus Free Ticket Update: दिल्ली में 16 अगस्त से डीटीसी और क्लस्टर बसों में कागजी गुलाबी (पिंक) टिकट की व्यवस्था पूरी तरह बंद हो जाएगी. अब मुफ्त सफर का लाभ केवल 'पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड' (NCMC Card) धारक महिलाओं को ही मिलेगा. इस फैसले से अन्य राज्यों से आकर दिल्ली में रहने व पढ़ने वाली महिलाओं की मुश्किलें बढ़ सकती हैं.

16 अगस्त से बदल जाएगा दिल्ली बसों में सफर का नियम
16 अगस्त से बदल जाएगा दिल्ली बसों में सफर का नियम
Google CTA

DTC Pink Saheli Card: राजधानी दिल्ली की DTC और क्लस्टर बसों में रोजाना सफर करने वाली लाखों महिलाओं के लिए एक बड़ा अपडेट समाने आया है. दिल्ली सरकार और परिवहन विभाग के फैसले के अनुसार, 16 अगस्त से बसों में पिंक टिकट मिलना पूरी तरह बंद हो जाएगा. अब मुफ्त सफर की सुविधा सिर्फ उन्हीं महिला यात्रियों को मिलेगी, जिनके पास 'पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड' (NCMC Card) मौजूद होगा.

Read more!

15 अगस्त के बाद खत्म हो जाएगी कागजी टिकट की व्यवस्था

परिवहन विभाग द्वारा जारी निर्देशों के तहत 15 अगस्त के बाद कागजी पिंक टिकट की व्यवस्था समाप्त कर दी जाएगी. 16 अगस्त से बसों में सफर करने वाली महिलाओं को अपना वैध 'पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड' दिखाना अनिवार्य होगा. जिन महिलाओं के पास यह कार्ड नहीं होगा, उन्हें तय किराया देकर सामान्य टिकट खरीदना पड़ेगा. DTC ने सभी महिला यात्रियों से अपील की है कि वे समय रहते अपना स्मार्ट कार्ड जरूर बनवा लें ताकि उनकी दैनिक यात्रा में कोई बाधा न आए.

दूसरे राज्यों की छात्राओं और महिलाओं की बढ़ी चिंता

इस नए नियम के लागू होने से उत्तर प्रदेश, बिहार और अन्य राज्यों से आकर दिल्ली में रहने, नौकरी या पढ़ाई करने वाली महिलाओं व छात्राओं की परेशानी बढ़ सकती है. छात्राओं का कहना है कि कोचिंग आने-जाने के लिए हर महीने 1,000 से 1,500 रुपये तक का अतिरिक्त खर्च बढ़ जाएगा, जिससे उनके बजट पर आर्थिक दबाव पड़ेगा. कई महिलाओं ने रक्षाबंधन के त्यौहार को देखते हुए कागजी फ्री टिकट की सुविधा जारी रखने की मांग की है.

सरकार का रुख स्पष्ट: दिल्ली की जनता का लाभ दिल्लीवासियों को

अन्य राज्यों की महिलाओं को लेकर पूछे गए सवालों पर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और सरकार का रुख एकदम स्पष्ट है. सरकार का मानना है कि 'पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड' विशेष रूप से दिल्ली की निवासी महिलाओं के लिए बनाए जा रहे हैं. दिल्ली की जनता के टैक्स का पैसा दिल्ली के ही निवासियों पर खर्च होना चाहिए और इसका सीधा लाभ दिल्ली में रहने वाली महिलाओं को ही मिलना चाहिए. अब तक लाखों महिलाओं के यह कार्ड बनाए जा चुके हैं और अभियान तेजी से जारी है.

यह भी पढ़ें: दिल्ली वालों के लिए बड़ी खुशखबरी! 61 साल बाद फिर दौड़ेगी ट्राम, जानिए क्या होगा इसका रूट और कहां होगी पार्किंग