दिल्ली की बसों में महिलाएं कितनी सुरक्षित? डीटीसी बस का हैरान करने वाला वीडियो वायरल, जानें ऐसी स्थिति में तुरंत कहां शिकायत करें

वैशाली

• 04:01 PM • 15 Jul 2026

DTC Bus Viral Video: दिल्ली की एक DTC बस का कथित वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद महिलाओं की सुरक्षा को लेकर नई बहस छिड़ गई है. वीडियो में बस ड्राइवर पर महिला से कथित अभद्र व्यवहार का आरोप लगाया जा रहा है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है. जानिए वायरल वीडियो का पूरा मामला, महिलाओं के लिए जरूरी हेल्पलाइन नंबर और डीटीसी में शिकायत दर्ज कराने का तरीका.

DTC Bus Viral Video
DTC Bus Viral Video(Representational Image)
Google CTA

सोशल मीडिया पर इन दिनों दिल्ली की एक डीटीसी (DTC) बस का बेहद चौंकाने वाला वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है. इस वीडियो के सामने आने के बाद इंटरनेट पर लोगों का गुस्सा फूट पड़ा है और एक बार फिर दिल्ली की बसों में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े होने लगे हैं. वायरल हो रहे इस वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि एक महिला बस में ड्राइवर की सीट के पास खड़ी है. आरोप लगाया जा रहा है कि बस ड्राइवर महिला को गलत तरीके से छूने की कोशिश कर रहा है. बस में मौजूद किसी अन्य यात्री ने इस पूरी घटना को अपने मोबाइल कैमरे में रिकॉर्ड कर लिया, जिसके बाद से यह वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर शेयर हो रहा है.

Read more!

इंटरनेट पर बंटी लोगों की राय

इस वीडियो के सामने आने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स तुरंत कार्रवाई की मांग कर रहे हैं. कई लोगों का कहना है कि आरोपी ड्राइवर के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी एक्शन लिया जाना चाहिए. वहीं, कुछ लोगों ने वीडियो बनाने वाले शख्स पर भी सवाल उठाए हैं कि उसने मौके पर ही तुरंत आवाज क्यों नहीं उठाई. इसके उलट कुछ यूजर्स का यह भी कहना है कि वीडियो देखकर जल्दबाजी में किसी नतीजे पर नहीं पहुंचना चाहिए, क्योंकि सड़क के गड्ढों या अचानक ब्रेक लगने की वजह से भी ऐसा हो सकता है. फिलहाल इस वायरल वीडियो के दावे की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन विभाग की ओर से जांच में आरोप सही पाए जाने पर सख्त कार्रवाई होना तय है.

ऐसी स्थिति में घबराएं नहीं, तुरंत लें इमरजेंसी हेल्प

यदि कभी भी आपके साथ या आपकी किसी जानने वाली महिला के साथ बस में ऐसी कोई बदतमीजी या दुर्व्यवहार होता है, तो घबराने की बिल्कुल जरूरत नहीं है. दिल्ली सरकार और परिवहन विभाग महिलाओं की सुरक्षा को लेकर बेहद सख्त है और ऐसे मामलों में तुरंत एक्शन लिया जा सकता है. अगर स्थिति गंभीर है या आप खुद को खतरे में महसूस कर रही हैं, तो तुरंत अपने फोन से 181 पर कॉल करें, जो विशेष रूप से महिला हेल्पलाइन नंबर है. इसके अलावा, आपातकालीन स्थिति में तुरंत दिल्ली पुलिस को 112 नंबर पर भी कॉल कर मदद ली जा सकती है.

डीटीसी सेल और डिजिटल माध्यमों से शिकायत का तरीका

पीड़ित महिलाएं सीधे डीटीसी के सेंट्रल कंप्लेंट सेल में फोन करके भी आरोपी ड्राइवर या कंडक्टर की शिकायत दर्ज करा सकती हैं. इसके अलावा डिजिटल माध्यमों का इस्तेमाल करके दिल्ली सरकार के पीजीएमएस (PGMS) पोर्टल पर जाकर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई जा सकती है. साथ ही, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर बस के नंबर के साथ डीटीसी हेडक्वार्टर, दिल्ली सरकार और दिल्ली के परिवहन मंत्री को टैग करके भी पोस्ट किया जा सकता है, क्योंकि सोशल मीडिया पर की गई शिकायतों पर विभाग बहुत तेजी से संज्ञान लेता है.

कार्रवाई पक्की करने के लिए इन बातों का रखें ध्यान

जब भी आप ऐसी कोई शिकायत दर्ज कराएं, तो आपके पास कुछ जरूरी जानकारियां जरूर होनी चाहिए ताकि आरोपी के खिलाफ 100% पक्की कार्रवाई हो सके. शिकायत के दौरान आपके पास बस का रजिस्ट्रेशन नंबर (जैसे DL 1PC....) और बस का रूट नंबर होना बेहद जरूरी है. इसके साथ ही घटना की सही तारीख, समय और वह लोकेशन या बस स्टॉप जहां यह वाकया हुआ, उसकी जानकारी होनी चाहिए. यदि संभव हो तो ड्राइवर या कंडक्टर की नेम प्लेट पर लिखा उनका नाम या टोकन नंबर भी नोट कर लें, क्योंकि ये जानकारियां जांच अधिकारियों को आरोपी को पकड़ने में बेहद मददगार साबित होती हैं.

यहां देखें वीडियो

DTC Women Special Bus Route: दिल्ली में महिलाओं के लिए दौड़ेंगी 50 स्पेशल बसें, जानिए पूरा रूट प्लान