दिल्ली में सुबह जल्दी सफर करना होगा आसान! DTC बदलने जा रही है बसों का टाइमिंग और रूट्स, जानें पूरा प्लान

DTC Bus Service: दिल्ली में सुबह जल्दी सफर करने वाले यात्रियों के लिए बड़ी राहत की खबर है. DTC अब सुबह 4 बजे से बस सेवाएं शुरू करने की तैयारी में है. नई योजना के तहत एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशन और ISBT के लिए बसों की संख्या बढ़ाई जाएगी. साथ ही महिलाओं और छात्रों के लिए लेडीज स्पेशल और यूथ स्पेशल बसें भी शुरू की जा सकती हैं. जानिए DTC के नए रूट्स, टाइमिंग और PM E-Drive योजना से जुड़ी पूरी जानकारी.

Delhi Bus News
DTC Bus Service

वैशाली

follow google news

दिल्ली में सुबह जल्दी सफर करने वाले मुसाफिरों, कामकाजी महिलाओं और नौकरीपेशा लोगों के लिए एक बहुत बड़ी और राहत भरी खबर सामने आ रही है. दिल्ली परिवहन निगम (DTC) अब तड़के सुबह 4:00 बजे से ही सड़कों पर बसों की संख्या बढ़ाने जा रही है. इसका सीधा मतलब यह है कि जो बसें पहले सुबह 5:45 बजे मिला करती थीं, अब वे तड़के 4:00 बजे से ही यात्रियों के सफर को आसान बनाएंगी. दरअसल, कुछ साल पहले बसों की कमी के चलते डीटीसी ने सुबह 4:00 बजे वाले कई रूट्स की टाइमिंग को बढ़ाकर पौने छह (5:45) बजे कर दिया था. लेकिन अब सुबह सफर करने वाले यात्रियों की परेशानी को देखते हुए इस पुराने फैसले को बदला जा रहा है.

Read more!

इन रूट्स पर फोकस और इन्हें होगा सबसे ज्यादा फायदा

इस नई योजना के मुताबिक दिल्ली के बाहरी इलाकों को सीधे तौर पर एयरपोर्ट, बड़े रेलवे स्टेशनों और अंतर-राज्यीय बस अड्डों (ISBT) से जोड़ा जाएगा. इस नई पहल का सबसे बड़ा मकसद उन लोगों की मदद करना है जो अपने दफ्तर या काम पर पहुंचने के लिए सुबह बहुत जल्दी घर से निकलते हैं. इस फैसले से फैक्ट्रियों में काम करने वाले मजदूरों, अस्पतालों के हेल्थ केयर स्टाफ, सुरक्षाकर्मियों और घरेलू कामगारों को सबसे ज्यादा फायदा पहुंचेगा. इसके साथ ही यह उन माताओं के लिए भी बेहद मददगार साबित होगा जिन्हें सुबह-सुबह अपने बच्चों को स्कूल छोड़ने जाना पड़ता है.

उपराज्यपाल ने दिए हाई लेवल मीटिंग में निर्देश

इस नई व्यवस्था को लागू करने के लिए हाल ही में परिवहन आयुक्त और दिल्ली पुलिस कमिश्नर के साथ एक हाई लेवल मीटिंग बुलाई गई थी. इस बैठक में दिल्ली के उपराज्यपाल तरजीत सिंह संधू ने अधिकारियों को उन सभी रूट्स की पहचान करने के सख्त निर्देश दिए हैं जहां पर सुबह के समय बसों की सर्विस को और ज्यादा बढ़ाया जा सकता है. उपराज्यपाल के इन निर्देशों के बाद परिवहन विभाग ने उन रूट्स को चिन्हित करने का काम शुरू कर दिया है जहां यात्रियों की संख्या सुबह के वक्त ज्यादा रहती है.

PM E-Drive योजना से बेड़े में शामिल होंगी नई बसें

सुबह के समय बसों की कमी को पूरा करने के लिए अधिकारियों ने एक खास कार्ययोजना तैयार की है. अधिकारियों के मुताबिक, सरकार को 'पीएम ई-ड्राइव योजना स्कीम' (PM E-Drive Scheme) के तहत नई अतिरिक्त बसें मिलने वाली हैं. जैसे ही ये नई बसें दिल्ली परिवहन निगम के बेड़े में शामिल होंगी, इन्हें तुरंत सुबह के रूट्स पर उतार दिया जाएगा. बसों की कमी दूर होते ही सुबह 4 बजे से ही बसों की फ्रीक्वेंसी सड़कों पर बढ़ जाएगी, जिससे दिल्ली के बाहरी इलाकों में रहने वाले लोगों को सबसे ज्यादा राहत मिलेगी.

महिलाओं और छात्रों के लिए चलेंगी स्पेशल बसें

डीटीसी तड़के सुबह बसों की संख्या बढ़ाने के साथ-साथ महिलाओं और छात्रों के लिए भी एक बड़ा कदम उठाने जा रही है. सरकार द्वारा डीटीसी के तहत 50 नई स्पेशल बसें चलाने पर गंभीरता से विचार किया जा रहा है. इस योजना के अंतर्गत कुल 50 बसों में से 25 'लेडीज स्पेशल' बसें और 25 'यूथ स्पेशल' बसें शामिल की जाएंगी. इन स्पेशल बसों की सेवा को भी पीएम ई-ड्राइव योजना के तहत मिलने वाली नई बसों के आते ही तुरंत सड़कों पर शुरू कर दिया जाएगा.

यहां देखें वीडियो

दिल्लीवालों को बड़ी सौगात! दिचाऊकलां से आनंद विहार के बीच शुरू हुआ नया डीटीसी बस रूट 740C, जानें टाइमिंग और स्टॉपेज

    follow google news