Ghaziabad Spa Center Raid: दिल्ली से सटे गाजियाबाद के सबसे वीआईपी और हाईटेक इलाकों में शुमार वैशाली से देह व्यापार के एक बड़े सिंडिकेट का पर्दाफाश हुआ है. वैशाली सेक्टर-4 स्थित एक कमर्शियल कॉम्प्लेक्स की तीसरी मंजिल पर स्पा सेंटर की आड़ में जिस्मफरोशी का धंधा धड़ल्ले से चलाया जा रहा था. इस काले कारोबार को इतना छिपाकर रखा गया था कि आम लोगों को इसकी भनक तक नहीं थी. शनिवार की शाम को जब कॉम्प्लेक्स में भारी भीड़ थी, तभी कौशांबी थाना पुलिस की टीम ने अचानक वहां धावा बोल दिया.
ADVERTISEMENT
सीसीटीवी से रखी जा रही थी पुलिस पर नजर
चौंकाने वाली बात यह है कि इस अवैध धंधे को पूरी गोपनीयता के साथ चलाया जा रहा था. कमर्शियल कॉम्प्लेक्स के थर्ड फ्लोर पर चल रहे इन स्पा सेंटरों के बाहर किसी भी तरह का कोई बोर्ड या होल्डिंग नहीं लगाया गया था ताकि पुलिस या बाहरी लोगों को शक न हो. इसके साथ ही, एंट्री गेट पर बाकायदा सीसीटीवी कैमरे इंस्टॉल किए गए थे. इसके जरिए स्पा संचालक पुलिस की हर गतिविधि और आने-जाने वालों पर पैनी नजर रखते थे, ताकि छापेमारी से पहले वे सतर्क हो सकें.
एक साथ 3 स्पा सेंटरों पर छापेमारी, मची भगदड़
पुलिस को एक मुखबिर के जरिए इस अनैतिक काम की पुख्ता जानकारी मिली थी. सूचना मिलते ही कौशांबी थाना प्रभारी (SHO) अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और तीसरी मंजिल पर चल रहे 'मून लोटस स्पा', 'रॉयल स्पा' और 'पीओआर स्पा' पर एक साथ रेड कर दी. पुलिस के अचानक अंदर दाखिल होते ही वहां मौजूद कर्मचारियों, ग्राहकों और युवतियों में हड़कंप मच गया और भगदड़ की स्थिति बन गई. अंदर के कैबिन्स का नजारा देखकर खुद पुलिस अधिकारी भी हैरान रह गए.
23 युवतियां रेस्क्यू, आपत्तिजनक सामान बरामद
पुलिस की इस बड़ी कार्रवाई में मौके से कुल 23 युवतियों को रेस्क्यू किया गया है. शुरुआती जानकारी के अनुसार, इन युवतियों को या तो पैसों का लालच देकर या फिर उनकी मजबूरी का नाजायज फायदा उठाकर इस दलदल में धकेला गया था. पुलिस ने मौके से 5 ग्राहकों और 1 कर्मचारी को भी गिरफ्तार किया है. इसके अलावा स्पा सेंटर के अंदर से भारी मात्रा में कंडोम, ल्यूब्स और कई अन्य आपत्तिजनक सामग्रियां बरामद की गई हैं. पुलिस ने कौशांबी थाने में संबंधित सुसंगत धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है. इस बड़ी कार्रवाई के बाद अब पुलिस इस नेटवर्क के तार दिल्ली-एनसीआर में कहां-कहां जुड़े हैं, इसकी भी जांच कर रही है.
यह भी पढ़ें: 22 साल के नीतीश 34 साल की सीता को बाइक से छोड़ने गया घर, फिर रात में क्या हुआ की दोनों की हो गई शादी?
ADVERTISEMENT


