शनिवार की सुबह दिल्ली का इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय (IGI) एयरपोर्ट किसी युद्ध क्षेत्र जैसा नजर आने लगा. रनवे नंबर-28 पर अचानक सायरन गूंजने लगे, एम्बुलेंस की लाइनें लग गईं और दमकल की गाड़ियां मोर्चे पर तैनात हो गईं. वजह थी आसमान में उड़ रहा इंडिगो का एक विमान जिसका इंजन बीच हवा में फेल हो गया था.
ADVERTISEMENT
मामला विशाखापत्तनम से दिल्ली आ रही इंडिगो की एक फ्लाइट का है. सब कुछ सामान्य चल रहा था लेकिन जैसे ही विमान दिल्ली के करीब पहुंचा, पायलट को इंजन में गंभीर तकनीकी खराबी का अहसास हुआ. पायलट ने बिना देरी किए एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) को इमरजेंसी सिग्नल भेज दिया. खबर मिलते ही एयरपोर्ट प्रशासन की तरफ से आनन-फानन में 'फुल इमरजेंसी' लागू कर दिया गया.
रनवे-28 पर 'करो या मरो' की स्थिति
विमान की सुरक्षित लैंडिंग सुनिश्चित करने के लिए रनवे नंबर-28 को पूरी तरह खाली करा लिया गया. मेडिकल टीमों से लेकर फायर ब्रिगेड तक हर कोई किसी भी अनहोनी से निपटने के लिए अपनी पोजीशन ले चुका था. अगले कुछ मिनट रनवे पर मौजूद अधिकारियों और विमान में सवार यात्रियों के लिए भारी तनाव वाले थे.
आखिरकार, पायलट की सूझबूझ काम आई. भारी जोखिम के बीच विमान को योजना के मुताबिक रनवे-28 पर सुरक्षित उतार लिया गया. जैसे ही विमान के पहिए जमीन पर थमे, एयरपोर्ट अथॉरिटी और यात्रियों ने राहत की लंबी सांस ली. गनीमत रही कि विमान में सवार सभी यात्री और क्रू मेंबर्स पूरी तरह सुरक्षित हैं.
ये भी पढ़ें: Delhi Viral News: आधी रात में लाजपत नगर मेट्रो के पास खड़ी सेक्स वर्कर्स को दौड़ा-दौड़ा कर क्यों पीटा गया?
ADVERTISEMENT


