जंतर-मंतर मारपीट केस में पुलिस का एक्शन, स्वतंत्र भारद्वाज को बुलंदशहर से पकड़ा

अरविंद ओझा

• 06:07 PM • 04 Sep 2026

Jantar Mantar Case: दिल्ली के जंतर-मंतर पर CJP प्रदर्शन के दौरान संजय कुमार से मारपीट के मामले में पुलिस ने आरोपी स्वतंत्र भारद्वाज को उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर से हिरासत में लिया है. संजय कुमार की शिकायत पर पार्लियामेंट स्ट्रीट थाने में FIR दर्ज हुई थी, जिसमें स्वतंत्र भारद्वाज और सूरज कुमार को नामजद किया गया था.

Swatantra Bhardwaj Arrest
Swatantra Bhardwaj Arrest
Google CTA

दिल्ली के जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रदर्शन के दौरान हुई मारपीट के मामले में पुलिस ने कार्रवाई की है. दिल्ली पुलिस ने आरोपी स्वतंत्र भारद्वाज को उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर से हिरासत में लिया है. स्वतंत्र पर निशु आजाद के पिता संजय कुमार के साथ मारपीट करने का आरोप है. मामले ने उस समय तूल पकड़ा, जब सोशल मीडिया पर वायरल एक पॉडकास्ट क्लिप में स्वतंत्र भारद्वाज ने कथित तौर पर संजय कुमार के सिर पर हमला करने की बात कही थी. इसी के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उसे हिरासत में लिया.

Read more!

जंतर-मंतर पर क्या हुआ था?

यह पूरा मामला 23 जून 2026 का है. उस दिन जंतर-मंतर पर CJP का प्रदर्शन चल रहा था. शिकायतकर्ता संजय कुमार अपनी 14 वर्षीय बेटी निशु आजाद के साथ प्रदर्शन में शामिल होने पहुंचे थे. शाम करीब 5:30 बजे संजय कुमार अपने मोबाइल फोन से प्रदर्शन का वीडियो बना रहे थे. इसी दौरान एक युवक के साथ उनका विवाद हो गया.

आरोप है कि इसके बाद 2-3 युवकों ने संजय कुमार को घेर लिया और उनके साथ मारपीट की. शिकायत के मुताबिक, आरोपियों ने उन्हें घूंसे मारे और लोहे के कड़े जैसी किसी ठोस वस्तु से उनके सिर पर वार किया. हमले में संजय कुमार घायल हो गए, जिसके बाद उन्हें इलाज के लिए राम मनोहर लोहिया (RML) अस्पताल ले जाया गया. मेडिकल रिपोर्ट में उनके सिर पर दो कटे हुए घाव दर्ज किए गए थे.

दो आरोपियों के खिलाफ दर्ज हुई थी FIR

संजय कुमार की शिकायत के आधार पर दिल्ली के पार्लियामेंट स्ट्रीट पुलिस स्टेशन में FIR नंबर 62/2026 दर्ज की गई थी. पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115(2), 126(2) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया था. घटना के दौरान सामने आए आरोपों के आधार पर पुलिस ने स्वतंत्र भारद्वाज और सूरज कुमार को नामजद किया था. अब इसी मामले में पुलिस ने स्वतंत्र भारद्वाज को बुलंदशहर से हिरासत में लिया है.

वायरल पॉडकास्ट क्लिप के बाद बढ़ा मामला

इस केस में उस वक्त नया मोड़ आया, जब सोशल मीडिया पर एक पॉडकास्ट की क्लिप तेजी से वायरल हुई. दावा किया गया कि इस क्लिप में स्वतंत्र भारद्वाज ने खुद संजय कुमार पर हमला करने की बात कही थी. वायरल क्लिप में स्वतंत्र ने कथित तौर पर यह भी दावा किया कि राजनीतिक प्रभाव की वजह से उसके खिलाफ बड़ी कानूनी कार्रवाई नहीं हुई और वह आसानी से बच गया. क्लिप सामने आने के बाद मामले को लेकर पुलिस की कार्रवाई पर भी सवाल उठने लगे.

निशु आजाद ने लगाई थी न्याय की गुहार

वायरल वीडियो का हवाला देते हुए निशु आजाद ने सोशल मीडिया के जरिए मामले में कार्रवाई और न्याय की मांग की थी. उन्होंने आरोप लगाया था कि घटना के बावजूद आरोपियों के खिलाफ पर्याप्त कार्रवाई नहीं की गई. मामला सामने आने के बाद लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने निशु आजाद को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया. इसके बाद कांग्रेस की लीगल टीम पार्लियामेंट स्ट्रीट थाने पहुंची.

कांग्रेस की कानूनी टीम ने पुलिस से FIR में हेट स्पीच, SC/ST अत्याचार निवारण अधिनियम और आदतन अपराधी से जुड़ी धाराएं जोड़ने के साथ आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की थी. अब स्वतंत्र भारद्वाज को बुलंदशहर से हिरासत में लिए जाने के बाद इस मामले में पुलिस की कार्रवाई आगे बढ़ी है. मामले में आगे की जांच और कानूनी प्रक्रिया जारी है.

निशु आजाद के पिता का वीडियो वायरल, स्वतंत्र भारद्वाज को दे रहे खुली चुनौती, पढ़ें पूरा मामला !