'अब और खाना मत भेजो...' जंतर-मंतर पर ऐसा क्या हुआ कि फूड डिलीवरी बॉयज को करनी पड़ी अपील, जानें पूरा मामला

मोहित गुर्जर

• 03:21 PM • 22 Jul 2026

Jantar Mantar Food Delivery News: जंतर-मंतर पर चल रहे प्रदर्शन के बीच देशभर से लोगों ने ऑनलाइन फूड ऑर्डर कर आंदोलनकारियों का समर्थन किया. हालात ऐसे बने कि भोजन और पानी का इतना बड़ा स्टॉक जमा हो गया कि वालंटियर्स और डिलीवरी पार्टनर्स को लोगों से नए ऑर्डर रोकने की अपील करनी पड़ी.

दिल्ली धरना स्थल के बाहर लगी डिलीवरी बॉयज की लंबी लाइन
दिल्ली धरना स्थल के बाहर लगी डिलीवरी बॉयज की लंबी लाइन
Google CTA

Jantar Mantar Protest: राजधानी दिल्ली के जंतर-मंतर धरना स्थल के बाहर इन दिनों एक अलग और अनूठा नजारा देखने को मिल रहा है. एक तरफ जहां विभिन्न मांगों और मुद्दों को लेकर प्रदर्शनकारी अपनी आवाज बुलंद कर रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ उन्हें देश के कोने-कोने से आम जनता का भरपूर भावनात्मक सहयोग मिल रहा है. हालांकि, इस जनसमर्थन के बीच एक ऐसी स्थिति पैदा हो गई है, जिसने फूड डिलीवरी एजेंट्स और खुद वालंटियर्स को हैरान कर दिया है.

Read more!

ऑनलाइन ऑर्डर्स की लगी लंबी कतारें

धरना स्थल के मुख्य गेट के बाहर स्विगी (Swiggy) और जोमैटो (Zomato) जैसे प्रमुख ऑनलाइन फूड डिलीवरी प्लेटफॉर्म्स के राइडर्स की लंबी-लंबी कतारें लगी हुई हैं. देश के अलग-अलग राज्यों और शहरों में बैठे लोग प्रदर्शन कर रहे छात्रों व जरूरतमंदों के प्रति एकजुटता जताते हुए ऐप के जरिए भोजन, नाश्ता और पानी के पैकेट ऑर्डर कर के सीधे जंतर-मंतर भिजवा रहे हैं.

पीतमपुरा से पहुंचे एक डिलीवरी पार्टनर ने बताया कि किसी अज्ञात समर्थक ने ऐप पर 'प्रतीक' नाम से ऑर्डर बुक किया था.  प्रतीक ने बताया कि उन्हें ऑर्डर करने वाले शख्स ने कहा था कि ये भोजन धरना स्थल पर मौजूद किसी भी जरूरतमंद व्यक्ति को दे दिया जाए. डिलीवरी पार्टनर्स का कहना है कि लोगों की मदद करने का यह काम उन्हें बेहद सुकून और खुशी दे रहा है.

'स्टॉक फुल हो चुका है, अब और खाना न भेजें'

ऐसे में लोगों के लगातार ऑर्डर करने का नतीजा यह निकला है कि धरना स्थल पर भोजन और पानी के पैकेट्स की बहुत अधिक अधिकता (ओवरस्टॉक) हो गई है. मौके पर पहुंचे फूड डिलीवरी बॉयज ने कैमरे पर कहा कि "यहां भोजन का बहुत बड़ा स्टॉक जमा हो चुका है. प्रदर्शनकारियों तक पर्याप्त मात्रा में राशन पहुंच गया है. इसलिए अब लोग और अधिक फूड ऑर्डर न भेजें." प्रदर्शन स्थल पर मौजूद वालंटियर्स भी आए हुए भोजन को व्यवस्थित तरीके से लोगों में बांटने के काम में लगातार जुटे हुए हैं.

क्रिएटिव पोस्टर्स और अनूठा विरोध

इस बीच धरना स्थल का माहौल क्रिएटिव बना हुआ है. छात्र, युवा और स्कूली बच्चे भी इस आंदोलन में अपनी रचनात्मकता दिखा रहे हैं. लोग फिल्मी पोस्टरों, स्लोगन्स और अनूठे संदेशों के जरिए शांतिपूर्ण ढंग से अपना विरोध दर्ज करा रहे हैं. अब जनता के इस समर्थन से जहां आंदोलनकारियों का हौसला बुलंद है, वहीं दूसरी ओर अब वे खुद भी यही संदेश दे रहे हैं कि भोजन की कोई कमी नहीं है और फिलहाल नए ऑर्डर्स भेजने से बचा जाए.

यह भी पढ़ें: जंतर-मंतर हिंसा 'सच या साजिश'? संसद मार्च के दौरान उपद्रव से लेकर पाकिस्तानी एंगल तक, जानें पूरी इनसाइड स्टोरी