पंजाब और हरियाणा के खनौरी बॉर्डर पर एक बार फिर किसानों के आंदोलन को लेकर सरगर्मी बढ़ गई है. संयुक्त किसान मोर्चा (गैर-राजनीतिक) के वरिष्ठ किसान नेता जगजीत सिंह डल्लेवाल की अध्यक्षता में 51 किसानों का एक जत्था खनौरी बॉर्डर (दाता सिंह वाला गांव) से दिल्ली जंतर-मंतर के लिए पैदल यात्रा पर निकलने वाला है. किसानों की इस दिल्ली कूच यात्रा को रोकने के लिए जींद पुलिस अलर्ट मोड पर है और पंजाब-हरियाणा के खनौरी बॉर्डर को पूरी तरह सील कर दिया गया है.
ADVERTISEMENT
5 लेयर सुरक्षा और भारी पुलिस बल तैनात
खनौरी बॉर्डर से किसानों को हरियाणा की सीमा में प्रवेश करने से रोकने के लिए जींद पुलिस ने अभेद्य सुरक्षा चक्र तैयार किया है. बॉर्डर पर 5 लेयर की बैरिकेडिंग की गई है, जिसमें सीमेंट के भारी ब्लॉक और कंटीले तार लगाए गए हैं. इसके अलावा वॉटर कैनन, वज्र वाहन और 4 से 5 जिलों की पुलिस तथा आईआरबी (IRB) की टुकड़ियां तैनात की गई हैं. मौके पर जींद के एसपी कुलदीप सिंह, एएसपी और 7 डीएसपी की अगुवाई में सैकड़ों जवान तैनात हैं.
धारा 163 लागू, सोशल मीडिया और इंटरनेट पर निगरानी
सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए जींद प्रशासन ने सीमावर्ती क्षेत्रों में धारा 163 लागू कर दी है, जिसके तहत चार या पांच से अधिक लोगों के एक जगह इकट्ठा होने पर रोक है. जींद पुलिस अधिकारियों का कहना है कि किसी भी असामाजिक तत्व को शांति भंग करने या भ्रामक खबरें फैलाने की इजाजत नहीं दी जाएगी. इलाके में इंटरनेट स्पीड को भी नियंत्रित किया गया है और सोशल मीडिया पोस्ट्स पर पुलिस बारीकी से नजर रख रही है.
शहीद शुभकरण की याद में मिट्टी लेकर निकलेंगे किसान
किसानों की इस यात्रा का एक भावनात्मक पहलू भी है. किसान खनौरी बॉर्डर पर किसान आंदोलन के दौरान जान गंवाने वाले युवा किसान शुभकरण की शहादत की धरती से मिट्टी लेकर दिल्ली की ओर रवाना होंगे. किसान नेताओं का कहना है कि 51 किसानों का मुख्य जत्था पैदल चलेगा, जबकि उनकी देखभाल और सहायता के लिए 200 से 250 किसान साथ रहेंगे.
भारत-अमेरिका ट्रेड डील और MSP गारंटी है मुख्य मुद्दा
किसानों की इस पैदल यात्रा का मुख्य उद्देश्य भारत और अमेरिका के बीच प्रस्तावित ट्रेड डील का विरोध करना है. किसानों की मांग है कि कृषि और डेयरी सेक्टर को नुकसान पहुंचाने वाली किसी भी अंतरराष्ट्रीय संधि को रद्द किया जाए. इसके साथ ही न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) की कानूनी गारंटी और किसान आंदोलन से जुड़ी अन्य पेंडिंग मांगों को पूरा कराने के लिए किसान दिल्ली जंतर-मंतर पर पहुंचकर आवाज उठाना चाहते हैं.
आम जनता के लिए बदला गया ट्रैफिक रूट
खनौरी बॉर्डर पूरी तरह सील होने के कारण पंजाब और हरियाणा के बीच आने-जाने वाले मुख्य मार्ग पर यातायात बंद कर दिया गया है. जींद पुलिस ने आम यात्रियों और रोडवेज बसों के लिए आसपास के ग्रामीण रास्तों से रूट डायवर्ट किया है, ताकि आमजन को कम से कम परेशानी का सामना करना पड़े.
इनपुट : सुनील कुमार
यह भी पढ़ें: क्या सोनिया गांधी ने वंदे मातरम रुकवाने का इशारा किया? BJP के आरोप पर कांग्रेस ने दी सफाई
ADVERTISEMENT


