‘मैंने 45 मिनट इंतजार किया...’ थप्पड़ विवाद पर प्रवेश वर्मा की सफाई, बताया क्यों आया गुस्सा? जर्नैल सिंह पर लगाए गंभीर आरोप

न्यूज तक डेस्क

• 06:15 PM • 27 Sep 2026

Parvesh Verma Slap Controversy: AAP कार्यकर्ता को थप्पड़ मारने के वीडियो पर PWD मंत्री प्रवेश वर्मा ने सफाई दी है. वर्मा का आरोप है कि विधायक जर्नैल सिंह कमीशन न मिलने के कारण विकासपुरी रिंग रोड के काम में बाधा डाल रहे थे और गाली-गलौच कर रहे थे.

 थप्पड़ विवाद पर पहली बार बोले प्रवेश वर्मा
थप्पड़ विवाद पर पहली बार बोले प्रवेश वर्मा
Google CTA

Parvesh Verma Slap Controversy: तिलक नगर में विकासपुरी रिंग रोड निर्माण का निरीक्षण करने पहुंचे पीडब्ल्यूडी मंत्री प्रवेश वर्मा द्वारा आम आदमी पार्टी (AAP) के कार्यकर्ता को थप्पड़ मारने का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है. इस घटना के बाद AAP ने मंत्री पर FIR की मांग की है. वहीं अब इस मामले में पीडब्ल्यूडी मंत्री प्रवेश वर्मा ने खुद सामने आकर घटना की पूरी सच्चाई बताई है और AAP विधायक जर्नैल सिंह पर गंभीर आरोप लगाए हैं.

Read more!

'कमीशन ना मिलने के कारण कर रहे थे रोड उखाड़ने का नाटक'

पीडब्ल्यूडी मंत्री प्रवेश वर्मा ने एक वीडियो जारी कर कहा है कि विकासपुरी रिंग रोड पर कई दिनों से काम चल रहा है. उनके मुताबिक, AAP विधायक जर्नैल सिंह पिछले काफी समय से पीडब्ल्यूडी इंजीनियर्स पर दबाव बना रहे थे कि वे उन्हें ठेकेदार (कांट्रेक्टर) से मिलवाएं और कमीशन दिलाएं. मंत्री का दावा है कि जब जर्नैल सिंह को कमीशन नहीं मिला, तो वे रात में बनी सड़क को सुबह उखाड़ने का नाटक करने लगे और इसे भ्रष्टाचार बताकर वीडियो वायरल करने लगे. वर्मा ने बताया कि उनके इंजीनियर ने इसकी शिकायत पुलिस स्टेशन में भी दी है और एफआईआर दर्ज कराई जा रही है.

'मैंने खुद जर्नैल सिंह को तीन बार फोन कर बुलाया'

प्रवेश वर्मा ने बताया कि जब वे उस रास्ते से गुजर रहे थे तो उन्होंने सड़क के काम का जायजा लिया. उनके अनुसार काम सही ढंग से चल रहा था और स्थानीय लोगों ने बताया कि 15 साल बाद यहां सड़क बन रही है. वर्मा ने कहा, "मैंने खुद विधायक जर्नैल सिंह को तीन बार फोन किया और कहा कि वे मौके पर आएं. मैंने उनका 45 मिनट तक इंतजार किया."

'परिवार को दी गाली, इसलिए आया गुस्सा'

मंत्री ने अपनी सफाई में कहा कि जब जर्नैल सिंह मौके पर पहुंचे, तो उनके साथ आए कार्यकर्ताओं ने बदतमीजी शुरू कर दी. वर्मा के मुताबिक, "उनके एक कार्यकर्ता ने मेरे परिवार को गाली देना शुरू कर दिया. तब कोई भी व्यक्ति आवेश में आकर जो करेगा, मैंने भी वही किया."

'सरकारी काम में बाधा बर्दाश्त नहीं'

प्रवेश वर्मा ने आम आदमी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि 15 सालों से जो सड़कें नहीं बनीं, वे अब बन रही हैं, जिससे AAP नेताओं के पेट में दर्द हो रहा है. उन्होंने साफ किया कि सड़क निर्माण की थर्ड पार्टी ऑडिट और कोर कटिंग रिपोर्ट कराई जाएगी. लेकिन अगर कोई अधिकारी से कमीशन मांगेगा या सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाकर काम में बाधा डालेगा, तो वह बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.

यह भी पढ़ें: दिल्ली: PWD मंत्री प्रवेश वर्मा पर युवक को थप्पड़ मारने का आरोप, वीडियो वायरल, जानें क्या है पूरा मामला?