आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और चुनाव आयोग पर गंभीर आरोप लगाते हुए उनके खिलाफ मोर्चा खोल दिया है. संजय सिंह ने चुनाव आयोग में फैसलों की प्रक्रिया और वोटर लिस्ट में हुई कथित गड़बड़ियों को लेकर तीखे सवाल उठाए और ज्ञानेश कुमार की गिरफ्तारी के साथ-साथ चुनावों को रद्द कर दोबारा बैलेट पेपर (Ballot Paper) से चुनाव कराने की मांग की है.
ADVERTISEMENT
अन्य चुनाव आयुक्तों की आपत्ति के बाद सहमति का दावा सबसे बड़ा मजाक
संजय सिंह ने कहा कि चुनाव आयोग की ओर से आई सफाई पूरी तरह से "कुतर्क" है. उन्होंने दावा किया कि अन्य चुनाव आयुक्तों (संधू साहब और विवेक जोशी) ने 'फॉर्म 6' (Form 6) में किए गए बदलावों पर आपत्ति जताई थी और उनका कहना था कि इस फैसले की जानकारी उन्हें मीडिया के जरिए मिली.
संजय सिंह ने तंज कसते हुए कहा, "जब अन्य आयुक्तों को फैसले की जानकारी ही नहीं थी, तो बाद में यह कहना कि सब कुछ आम सहमति से हुआ है- इससे बड़ा मजाक और क्या हो सकता है?"
गोवा वोटर लिस्ट का मुद्दा और BJP पर निशाना
गोवा का उदाहरण देते हुए संजय सिंह ने आरोप लगाया कि वहां 97 वोटर्स के नाम जोड़ने के लिए उप-जिलाधिकारी (SDM) / इलेक्टोरल रजिस्ट्रेशन ऑफिसर (ERO) स्तर के अधिकारियों ने जांच के बाद एक्सेस की मांग की थी, लेकिन उन्हें एक्सेस नहीं दिया गया AAP नेता ने आरोप लगाया कि मुख्य चुनाव आयुक्त अपनी मनमर्जी से जिसके नाम चाहते हैं जोड़ते हैं और काटते हैं. उन्होंने कहा कि यह पूरी कवायद बीजेपी और केंद्र सरकार को फायदा पहुंचाने के निर्देश पर की जा रही है.
13 करोड़ से अधिक वोट काटे गए, ज्ञानेश कुमार हों गिरफ्तार
संजय सिंह ने कहा कि बिहार, बंगाल, दिल्ली, महाराष्ट्र और हरियाणा समेत देशभर के चुनावों में वोटर्स के नामों के साथ हेरफेर की गई है. SIR प्रक्रिया के तहत देशभर में लगभग 13 करोड़ 37 लाख वोट काटे जाने का दावा करते हुए उन्होंने मांग की:
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की तत्काल गिरफ्तारी की जाए. जिन चुनावों में गड़बड़ी के आरोप हैं, उन्हें रद्द करके दोबारा बैलेट पेपर से चुनाव कराए जाएं. उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल पहले ही कह चुके हैं कि आम आदमी पार्टी इस मुद्दे पर लगातार कानूनी और राजनीतिक लड़ाई लड़ेगी.
ये भी पढ़ें: Delhi Viral News: चांदनी चौक मेट्रो स्टेशन पर खूब चले लात-घूंसे... वीडियो
ADVERTISEMENT


