दिल्ली की राजनीति में 'शीशमहल' और यमुना के मुद्दे पर एक बार फिर घमासान छिड़ गया है. आम आदमी पार्टी (AAP) के नेता सौरभ भारद्वाज ने बीजेपी नेता प्रवेश वर्मा के उस ऐलान पर तीखा हमला बोला है, जिसमें कहा गया था कि अरविंद केजरीवाल के पुराने आवास (जिसे 'शीशमहल' कहा जाता है) को अगले हफ्ते से आम जनता के लिए टिकट लगाकर खोला जाएगा. सौरभ भारद्वाज ने इसे बीजेपी का ध्यान भटकाने वाला कदम करार दिया है.
ADVERTISEMENT
यमुना की सफाई और मरी मछलियों पर घेरा
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान सौरभ भारद्वाज ने प्रवेश वर्मा पर निशाना साधते हुए कहा कि यमुना की सफाई को लेकर बीजेपी सरकार पूरी तरह विफल रही है. उन्होंने आरोप लगाया कि प्रवेश वर्मा अपनी फजीहत और नाकामी से ध्यान भटकाने के लिए अब 'शीशमहल' का मुद्दा आगे कर रहे हैं.
भारद्वाज ने कहा कि हाल ही में यमुना में हजारों की संख्या में मरी हुई मछलियां मिली थीं, जिस पर बीजेपी नेताओं ने अजीबोगरीब बयान दिए थे. उन्होंने चुनौती देते हुए कहा, "हमने कहा था कि मरी हुई मछलियों का पोस्टमार्टम कराओ और पानी की रिपोर्ट साझा करो, लेकिन वे भाग गए."
सुप्रीम कोर्ट और CPCB की रिपोर्ट का हवाला
आम आदमी पार्टी नेता ने सुप्रीम कोर्ट की टिप्पणी और केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) की रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा कि CPCB ने माना है कि दिल्ली के सीवर ट्रीटमेंट प्लांट (STP) मानकों पर नहीं चल रहे हैं और यमुना का प्रदूषण लगातार बढ़ रहा है. उन्होंने कहा कि यमुना को साफ करने की जिम्मेदारी प्रवेश वर्मा के विभाग की थी, लेकिन वे अब जनता के सवालों से भाग रहे हैं.
भारद्वाज ने दो टूक शब्दों में कहा कि आम आदमी पार्टी उन्हें इस मुद्दे से भागने नहीं देगी और जनता के सामने यमुना के पानी और प्रदूषण की रिपोर्ट पर जवाब मांगती रहेगी.
ये भी पढ़ें: सुबह कोहरे का असर, दिन में गिरेगा पारा! मौसम विभाग ने बताया 18 नवंबर को कैसा रहेगा दिल्ली का मौसम
ADVERTISEMENT


