सुबह कोहरे का असर, दिन में गिरेगा पारा! मौसम विभाग ने बताया 18 नवंबर को कैसा रहेगा दिल्ली का मौसम
Delhi Weather Update: दिल्ली-NCR में सुबह और रात के समय ठंड का असर बढ़ने लगा है, जबकि दोपहर में धूप से राहत मिल रही है. मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक, आने वाले दिनों में राजधानी के तापमान में और गिरावट देखने को मिल सकती है. सुबह के कोहरे को लेकर भी अहम जानकारी सामने आई है.
ADVERTISEMENT

Delhi Weather Update: दिल्ली-NCR में मौसम धीरे-धीरे सर्दियों की ओर बढ़ रहा है. सुबह और रात के वक्त ठंड का अहसास बढ़ने लगा है, जबकि दिन में निकलने वाली धूप के कारण लोगों को अभी हल्की गर्माहट महसूस हो रही है. मौसम के इस बदलते मिजाज के बीच तापमान में गिरावट का दौर जारी है. आने वाले दिनों में सुबह का कोहरा और दिन के तापमान में बदलाव लोगों की मुश्किलें बढ़ा सकता है. इस बीच अब मौसम विभाग ने दिल्ली का पूर्वानुमान जारी किया है. इसमें आने वाले दिनों के मौसम के बारे में बताया गया है.
दिल्ली में 18 नवंबर को कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग के मुताबिक, 18 नवंबर को दिल्ली में आसमान साफ रहने का अनुमान है. हालांकि, सुबह के समय राजधानी के ज्यादातर इलाकों में कुहासा और छिछला कोहरा छाया रह सकता है. कुछ स्थानों पर मध्यम कोहरा भी देखने को मिल सकता है. दिन चढ़ने के साथ मौसम साफ होने और धूप निकलने की संभावना है.
उत्तरी दिल्ली, उत्तर-पूर्वी दिल्ली, उत्तर-पश्चिमी दिल्ली, दक्षिणी दिल्ली, दक्षिण-पश्चिमी दिल्ली, दक्षिण-पूर्वी दिल्ली, नई दिल्ली, मध्य दिल्ली, पूर्वी दिल्ली, शाहदरा और पश्चिमी दिल्ली समेत राजधानी के सभी जिलों में सुबह के समय कुहासा या छिछला कोहरा छाने का अनुमान है. कुछ इलाकों में मध्यम कोहरा भी रह सकता है.हालांकि, खबर लिखे जाने तक मौसम विभाग ने 18 नवंबर के लिए दिल्ली के किसी भी जिले में कोई चेतावनी जारी नहीं की थी.
दिल्ली में कैसा रहेगा तापमान?
तापमान की बात करें तो 18 नवंबर को दिल्ली में अधिकतम तापमान 25 से 27 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 12 से 14 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. यानी सुबह और रात के समय ठंड का असर महसूस होगा, जबकि दोपहर में मौसम अपेक्षाकृत सामान्य रह सकता है. हवा की गति की बात करें तो सुबह 5:30 से 11:30 बजे के बीच उत्तर-पश्चिमी हवाएं 5 से 10 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं. दोपहर में भी उत्तर-पश्चिमी हवाओं की गति 5 से 10 किलोमीटर प्रति घंटा रहने का अनुमान है. शाम के समय हवा की दिशा उत्तर की ओर हो सकती है और इसकी रफ्तार 0 से 5 किलोमीटर प्रति घंटा रह सकती है.
आने वाले दिनों दिल्ली के मौसम का हाल
19 से 20 नवंबर तक दिल्ली में आसमान मुख्य रूप से साफ रहने का अनुमान है, जबकि सुबह के समय ज्यादातर इलाकों में कुहासा और छिछला कोहरा छा सकता है. कुछ स्थानों पर मध्यम कोहरा भी देखने को मिल सकता है. इस दौरान अधिकतम तापमान 24 से 26 डिग्री और न्यूनतम तापमान 11 से 13 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है. वहीं, 21 से 23 नवंबर के बीच आसमान आंशिक रूप से बादलों से ढका रह सकता है. सुबह के वक्त कुहासा और छिछला कोहरा छाने के साथ कुछ इलाकों में मध्यम कोहरा भी देखने को मिलेगा. इस दौरान न्यूनतम तापमान 11 से 14 डिग्री और अधिकतम तापमान 24 से 26 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है. हालांकि, 23 नवंबर तक बारिश की कोई संभावना नहीं है.
यह भी पढ़ें: शाहदरा में दर्दनाक हादसा: रेलवे की जमीन पर बना पुराना मकान ढहा, 35 साल के व्यक्ति समेत दो की मौत
