आम आदमी पार्टी के भीतर मची हलचल अब खुलकर सामने आ गई है. पार्टी के वरिष्ठ नेता और दिल्ली सरकार में मंत्री सौरभ भारद्वाज ने राघव चड्ढा पर अब तक का सबसे बड़ा और निजी हमला बोला है. सौरभ भारद्वाज ने राघव चड्ढा की पार्टी के प्रति वफादारी पर सवाल उठाते हुए यहां तक कह दिया कि आज उनकी शादी भी सिर्फ इसलिए हो पाई क्योंकि पार्टी ने उन्हें राज्यसभा भेजा था, वरना उन्हें कोई पूछता तक नहीं. विस्तार से जानिए सौरभ भारद्वाज ने क्या-कुछ कहा है.
ADVERTISEMENT
आइडियोलॉजी बनाम नौकरी: भारद्वाज का पलटवार
दरअसल, राघव चड्ढा ने हाल ही में पार्टी बदलने की तुलना नौकरी बदलने से की थी. इस पर पलटवार करते हुए सौरभ भारद्वाज ने कहा, 'जब हम नौकरी बदलते हैं, तो उसका विचारधारा से कोई लेना-देना नहीं होता. लेकिन राजनीति में आप विचारधारा की वजह से पार्टी जॉइन करते हैं.' उन्होंने आगे कहा कि अगर राघव को पार्टी छोड़नी थी तो वे जा सकते थे, लेकिन जिस तरह से उन्होंने पूरी टीम को तोड़कर पार्टी को बर्बाद करने का षड्यंत्र रचा, वह बर्दाश्त के बाहर है.
बीजेपी के साथ षड्यंत्र का आरोप
सौरभ भारद्वाज ने एक सनसनीखेज दावा करते हुए कहा कि राघव चड्ढा ने ईडी के शिकंजे से बचने के लिए भारतीय जनता पार्टी के साथ हाथ मिला लिया था. उन्होंने आरोप लगाया कि राघव की मिडिल क्लास मसीहा वाली छवि बनाने के पीछे केंद्र सरकार का हाथ था. केंद्र सरकार की पाइपलाइन में जो मुद्दे थे, जैसे एयरपोर्ट पर सस्ता समोसा, मोबाइल रिचार्ज के दाम और गिग वर्कर्स के अधिकार, उन्हें राघव को उठाने के लिए दिया गया ताकि उनकी लोकप्रियता बढ़े और बीजेपी ने कभी भी उनका विरोध नहीं किया.
'पार्टी ने सब कुछ दिया, आपने गद्दारी की'
भारद्वाज ने भावुक और कड़े लहजे में कहा कि आम आदमी पार्टी ने राघव चड्ढा को सब कुछ दिया, लेकिन उन्होंने उसी पार्टी की राज्यसभा टीम को तोड़कर पीठ में छुरा घोंपा है. उन्होंने कहा, 'लोग आपको गालियां इसलिए दे रहे हैं क्योंकि आपने उस पार्टी के खिलाफ षड्यंत्र किया जिसने आपको पहचान दी. आपकी शादी भी इसलिए हो पाई क्योंकि आप राज्यसभा सांसद थे, वरना कोई आपको नहीं पूछता.'
इमेज मैनेजमेंट का खेल
सौरभ भारद्वाज के मुताबिक, राघव चड्ढा ने अपनी एक न्यूट्रल छवि बनाने के लिए सोची-समझी रणनीति के तहत काम किया. उन्होंने केंद्र सरकार के साथ मिलकर यह तय किया कि वे कौन से मुद्दे उठाएंगे और सरकार उन पर कैसे प्रतिक्रिया देगी. भारद्वाज ने साफ कहा कि पार्टी छोड़ने का हक सबको है, लेकिन पार्टी को खत्म करने का षड्यंत्र रचना गद्दारी की श्रेणी में आता है और इसीलिए जनता में उनके प्रति आक्रोश है.
यहां देखें वीडियो
'संविधान नहीं देता इजाजत...' AAP पार्टी में टूट के बीच अन्ना हजारे का बयान आया समाने, देखें वीडियो
ADVERTISEMENT


