दिल्ली के उस्मानपुर में 12 घंटे के भीतर दो मर्डर, भाई के अफेयर की कीमत ललित ने जान देकर चुकाई!

Delhi Murder Case: दिल्ली के उस्मानपुर में 12 घंटे के भीतर दो हत्याओं और एक गोलीबारी की घटना से सनसनी फैल गई है. भगत सिंह कॉलोनी में 26 वर्षीय ललित की चाकू मारकर हत्या कर दी गई. परिजनों और एक महिला मित्र ने हत्या के पीछे पारिवारिक विवाद और धमकियों का आरोप लगाया है. जानिए ललित हत्याकांड, फरार आरोपी और पुलिस जांच से जुड़ी पूरी कहानी.

Usmanpur Murder News
Usmanpur Murder News

इसरार अहमद

follow google news

राजधानी दिल्ली का उत्तर पूर्वी जिला इन दिनों गंभीर अपराधों की वजह से दहल उठा है. दिल्ली के थाना उस्मानपुर इलाके में पिछले 12 घंटे के भीतर तीन बड़ी वारदातें सामने आई हैं, जिनमें दो लोगों की बेरहमी से हत्या कर दी गई और एक गोलीबारी की घटना हुई है. इस गोलीबारी की घटना में एक बच्चे को गोली लगने का मामला भी सामने आया है. इन ताबड़तोड़ वारदातों के बाद से पूरे इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है और पुलिस प्रशासन की कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं.

Read more!

भगत सिंह कॉलोनी में खून से लथपथ मिला ललित का शव 

उस्मानपुर इलाके की भगत सिंह कॉलोनी से हत्या का ताजा मामला सामने आया है. यहां सुबह सवेरे पुलिस को सूचना मिली कि एक 26 साल के युवक की चाकुओं से गोदकर बेरहमी से हत्या कर दी गई है. मृतक युवक की पहचान ललित के रूप में हुई है. भगत सिंह कॉलोनी की एक गली में सुबह करीब 5:00 बजे ललित का शव खून से लथपथ हालत में मिला. वारदात की जानकारी मिलते ही FSL की टीम और स्थानीय पुलिस की क्राइम टीम तुरंत मौके पर पहुंची. पुलिस ने घटना स्थल से जरूरी सबूत जुटाए हैं ताकि अपराधियों को जल्द से जल्द सजा दिलाई जा सके.

पति के अत्याचारों से परेशान होकर ललित के घर आई थी महिला

इस पूरे हत्याकांड के पीछे पारिवारिक विवाद और आपसी रंजिश का मामला सामने आ रहा है. मौके पर मौजूद कामाक्षी नाम की महिला ने बताया कि मृतक ललित उसका बहुत अच्छा दोस्त था और उसका ललित के घर आना-जाना था. कामाक्षी की शादी करीब 5 साल पहले मोहित नाम के शख्स से हुई थी, लेकिन मोहित उसे बुरी तरह मारता-पीटता था और प्रताड़ित करता था.

कामाक्षी के पास रहने के लिए कोई जगह, पैसे और फोन नहीं था, जिसके कारण वह पिछले चार दिनों से अपने दोस्त ललित के घर पर रह रही थी ताकि काम ढूंढकर अपने लिए अलग व्यवस्था कर सके. कामाक्षी का आरोप है कि उसका पति मोहित पहले भी उसके भाई को जान से मारने की धमकी दे चुका था और उसके पिता के साथ भी बुरी तरह मारपीट कर चुका था.

महिला ने पुलिस पर लगाए लापरवाही के गंभीर आरोप 

पीड़ित महिला कामाक्षी ने स्थानीय पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं. महिला का कहना है कि उसका पति मोहित उसे लगातार प्रताड़ित करता था और उसके वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करता था ताकि वह उसे छोड़कर न जा सके. कामाक्षी का दावा है कि उसने प्रताड़ना के सारे सबूत और प्रूफ पहले ही थाने में पुलिस को दिखाए थे, लेकिन पुलिसकर्मियों ने उसकी एक नहीं सुनी और कोई ठोस कार्रवाई नहीं की. महिला का यह भी कहना है कि हत्या की इस खौफनाक वारदात के बाद भी पुलिस उसे कोई सही जानकारी नहीं दे रही है और न ही उसकी बात की सुनवाई की जा रही है.

मुख्य आरोपी मोहित वारदात के बाद से फरार, जांच जारी 

ललित की चाकुओं से गोदकर हत्या करने के बाद मुख्य आरोपी पति मोहित मौके से फरार हो गया है. कामाक्षी ने आरोप लगाया है कि मोहित की मां इस पूरी साजिश और सच्चाई के बारे में सब कुछ जानती है, लेकिन वह पुलिस के सामने झूठ बोल रही है. फिलहाल उस्मानपुर थाना पुलिस इस पूरे मामले की तफ्तीश में जुटी हुई है और फरार आरोपी मोहित की तलाश के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है. इलाके में 12 घंटे के भीतर हुई दो हत्याओं के बाद से पुलिस की पेट्रोलिंग और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है.

यहां देखें वीडियो

दिल्ली के उस्मानपुर में सूर्या चौहान जैसा हत्याकांड! 16 साल के अभिषेक पर 15-16 लड़कों ने किया ताबड़तोड़ हमला

    follow google news